चंडीगढ़ के 80 प्राइवेट-कॉन्वेंट और सभी सरकारी स्कूलों में एंट्री लेवल (प्री-नर्सरी, नर्सरी और केजी) कक्षाओं में दाखिले संबंधी शेड्यूल जारी कर दिया है।
शिक्षा विभाग के कॉमन एडमिशन शेड्यूल के तहत सभी स्कूलों ने एंट्री लेवल की क्लास, सीटें, फीस और दाखिला प्रक्रिया के बारे में नोटिस बोर्ड और स्कूल वेबसाइट पर जानकारी जारी कर दी है।
प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों में करीब 7 हजार और सरकारी स्कूलों में करीब 5 हजार एंट्री लेवल कक्षाओं में दाखिला दिया जाएगा। कॉमन एडमिशन शेड्यूल के तहत सभी स्कूलों में दाखिला लकी ड्रा के तहत होगा। शहर के कुछ प्राइवेट स्कूल प्वाइंट सिस्टम के तहत भी दाखिला करेंगे।
चार कॉन्वेंट स्कूल सेंट जोन, कार्मल कान्वेंट, सेक्रेड हार्ट और सेंट ऐंस ने वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर जानकारी अपलोड कर दी है।
सेंट ऐंस 14 जनवरी और तीन अन्य कॉन्वेंट स्कूलों में 15 जनवरी को दोपहर 3.30 बजे लकी ड्रा होगा। सभी प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूल 29 दिसंबर को आवेदन करने वाले सभी योग्य कैंडिडेट्स की लिस्ट वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर जारी करेंगे।
सरकारी स्कूलों में भी मिलेंगे आवेदन फार्म
शिक्षा विभाग के सभी सरकारी स्कूलों में एंट्री लेवल पर दाखिले के लिए मंगलवार से ही आवेदन फार्म मिलेंगे। सरकारी स्कूल वेबसाइट से फार्म डाउनलोड कर अभिभावकों को निशुल्क देंगे। विभाग ने सभी स्कूलों के लिए एरिया निर्धारित किया है।
अभिभावकों को आवेदन फार्म पाने के लिए रेजिडेंट प्रूफ दिखाना होगा। सभी आवेदन फार्म का रिकार्ड संबंधित स्कूल अपने पास रखेगा। सरकारी स्कूलों में पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। अधिक आवेदन आने पर लकी ड्रा निकाला जाएगा।
कॉन्वेंट स्कूलों ने नहीं दी फीस की जानकारी
कॉमन एडमिशन शेड्यूल के तहत सभी प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों को सीटों के अलावा फीस स्ट्रक्चर की जानकारी देने के आदेश दिए गए हैं। सोमवार को कॉन्वेंट स्कूलों में सिर्फ सेक्टर-32 स्थित सेंट ऐंस ने ही फीस की जानकारी सार्वजनिक की है।
जबकि शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को एडमिशन फीस के साथ मासिक फीस की जानकारी भी देनी होगी। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सभी स्कूलों से मंगलवार तक कॉमन एडमिशन शेड्यूल के तहत मांगी जानकारी भेजने के आदेश दिए हैं। चारों कॉन्वेंट स्कूल ने आवेदन फार्म जमा करने के लिए समय निर्धारित किया है।
अभिभावकों के लिए ध्यान रखने योग्य बातें
-स्कूल में आवेदन से पहले गाइडलाइंस को अच्छी तरह पढ़ लें। सभी जानकारी संबंधित स्कूल की वेबसाइट पर दी गई हैं।
-सभी स्कूलों ने आवेदन फार्म जमा करने का समय निर्धारित किया है, उसे ही फोलो करें।
-पूरी तरह से भरे हुए फार्म ही स्वीकार होंगे।
-आवेदन फार्म जमा करते हुए ओरिजनल डॉक्यूमेंट साथ लेकर जाने होंगे।
-फार्म जमा होने पर रसीद जरूर लें और लकी ड्रा तक उसे संभालकर रखें।
-सरकारी स्कूलों में सुबह 9 से 1 बजे तक आवेदन फार्म मिलेंगे।
सभी प्राइवेट, कॉन्वेंट और सरकारी स्कूलों में कॉमन एडमिशन शेड्यूल को फोलो करना होगा। दाखिले संबंधी किसी भी स्कूल के बारे में अभिभावक सीधे विभाग से संपर्क कर सकता है। आवेदन फार्म निशुल्क मिलेंगे, लेकिन स्कूल अधिकतम 100 रुपये चार्ज कर सकते हैं।
- विनय आर सूद, जिला शिक्षा अधिकारी यूटी