चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज-11 में जॉब फेस्ट का आयोजन किया गया। इसमें करीब 709 स्टूडेंट्स शॉर्ट लिस्ट हुए। फेस्ट में 40 कंपनियों ने हिस्सा लिया। इसमें हिस्सा ले रही एविएटर्स कंपनी ने कई स्टूडेंट को सालाना 7 लाख रुपये का पैकेज दिया।
स्टूडेंट्स को मिलने वाले पैकेज का औसत सालाना 2.25 से 3.85 लाख रुपये रहा। डायरेक्टर हायर एजुकेशन के दिशा-निर्देशों पर यह जॉब फेस्ट आयोजित किया गया था, जिसमें ट्राइसिटी के सभी गवर्नमेंट और निजी कॉलेजों के साथ उत्तर भारत के कई दूसरे कॉलेजों के स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया।
फेस्ट में हिस्सा लेने वाली कंपनियों में एविएटर्स हब, एटूजी सर्विसेज, बीएमए वेल्थ क्रिएटर्स, आईएफबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, यस बैंक, पीएंडजी, आईमार्क इंफोटेक, पीएनबी हाउसिंग और यूरेका फोर्ब्स समेत अन्य कंपनियां शामिल रहीं। स्टूडेंट्स को आईटी, बैंक, इंश्योरेंस, रिटेल, टेलीकॉम, वेब डिजाइनिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे क्षेत्रों में अधिक नौकरी मिली।
सबसे अधिक पैकेज टेक्निकल फील्ड से जुड़े स्टूडेंट्स को मिले। पीजीजीसी-11 प्लेसमेंट सेल से जुड़े अधिकारी राकेश ने बताया कि स्टूडेंट्स का चयन कंपनियों ने अपने अलग-अलग मानदंड पर किया। कुछ ने लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और समुह परिचर्चा कराई तो कुछ ने कम्युनिकेशन स्किल्स को परखा।