शहर के सभी प्राइवेट और सरकारी कालेज में सोमवार से नए सत्र में दाखिले का दौर शुरू हो गया। पिछले साल के मुकाबले हर कोर्स में इस बार 3 से 5 फीसदी अधिक कट ऑफ रहा है।
शहर के कई कालेजों में पहले दिन बीए में भी 80 फीसदी से नीचे अंक पाने वालों को दाखिला ही नहीं मिल सका। सेक्टर-32 स्थित एसडी कालेज में बीए में पहली एडमिशन वाणी बंसल की 96.2 फीसदी के साथ हुई।
एडमिशन कोआर्डिनेटर डा.सुमंत ने बताया कि 12वीं में 90 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले 30 स्टूडेंट्स ने बीए में दाखिला लिया है। बीए का कट ऑफ 80 फीसदी तक रहा है।
ज्यादातर कालेजों में कट ऑफ ही 80 प्रतिशत
सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कालेज में बीए में दाखिला पाने वाले 40 से अधिक छात्राओं के 90 फीसदी से अधिक अंक आए हैं। बीए में पहले दिन कट ऑफ 80 फीसदी रहा है।
बीए साइकोलॉजी में कट ऑफ 90, बीए इलेक्टिव इंग्लिश में 80.4 फीसदी रहा। बीए इकोनॉमिक्स में सबसे अधिक 95 फीसदी पर दाखिला हुआ। फंक्शनल इंग्लिश में कट ऑफ 81.2 फीसदी रहा है।
मंगलवार को 80 फीसदी से कम वालों को बीए में दाखिला मिल सकेगा। सेक्टर-10 डीएवी कालेज डीन एडमिशन प्रो.अरुण अग्रवाल ने कहा कि बीए में दाखिला पाने वाले 15 स्टूडेंट के 90 फीसदी से अधिक अंक हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिन बीए की 140 सीटों पर दाखिला दिया गया। बीए में पहले दिन कट ऑफ 70 फीसदी रहा है।
80 फीसदी से ज्यादा नंबर वालों को ही बुलाया गया
सेक्टर-11 स्थित जीसीजी कालेज में भी पहले दिन सिर्फ 80 फीसदी से अधिक अंक वालों को बुलाया गया। जानकारी के अनुसार बीए में दाखिला पाने वाली करीब 10 छात्राओं के 90 फीसदी से अधिक अंक 12वीं में प्राप्त किए हैं।
जीसीजी-42 प्रिंसिपल मनी बेदी ने बताया कि पहले दिन बीए में 60 फीसदी से अधिक स्टूडेंट को दाखिला दिया गया। उन्होंने बताया कि बीए में दाखिला लेने वाली 2 छात्राओं के 90 फीसदी से अधिक अंक है।
बीबीए, बीसीए और बीएससी नॉन मेडिकल पहली पसंद
सरकारी कालेज में बीसीए में कट ऑफ 82.8 (जनरल पूल) और 76.64 (यूटी) पूल रही है। प्राइवेट कालेज में बीसीए और बीसीए में कट ऑफ 71 से 85 फीसदी रहा है।
बीएससी नॉन मेडिकल में भी कट ऑफ 78 से 85 फीसदी रहा है। डीएवी कालेज डीन एडमिशन प्रो.अरुण अग्रवाल ने कहा कि अब इंजीनियरिंग की जगह बेसिक साइंस को तव्वजो दे रहे हैं। इन कोर्स के बाद युवाओं के लिए रोजगार के अधिक विकल्प खुल रहे हैं।
गुरु गोबिंद सिंह कालेज फॉर वुमन सेक्टर-26
सेक्टर-26 स्थित गुरु गोबिंद सिंह कालेज में एमकॉम की कुल 80 सीटों में से यूटी कोटे की 63 सीटें भर गई। प्रिंसिपल डा.चरणजीत कौर सोही के अनुसार यूटी पूल में कट ऑफ 68.6 और जनरल पूल की 8 सीटों का कटऑफ 63 फीसदी रहा।
बीए प्रथम वर्ष में सबसे अधिक 83 फीसदी पर छात्रा ने दाखिला लिया। 5 छात्राओं को फ्रीशिप दी गई है। बीसीए में कट ऑफ 60 फीसदी रहा। डा.सोही ने बताया कि कालेज में एमएससी(आईटी) एमए सोशोलॉजी और एमए इंग्लिश की कुछ सीटें अभी रिक्त पड़ी हैं।