अगर 12वीं कक्षा पास कर होटल इंडस्ट्री में कॅरियर बनाना चाहते हैं तो आप के लिए अच्छी खबर है। सरकार ने होटल प्रबंधन संस्थान फरीदाबाद में शैक्षणिक सत्र 2014-15 में दाखिले के लिये सीटों की संख्या को 40 से बढ़ाकर 120 करने का निर्णय लिया है।
बड़खल गांव के पास स्थित संस्थान की के बारे में हरियाणा पर्यटन निगम की प्रबंध निदेशिका सुमिता मिश्रा ने बताया कि निगम के प्रयासों के फलस्वरूप राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं कैटरिंग प्रौद्योगिकी परिषद ने सीटों की संख्या बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान की है।
संस्थान में सीटों की संख्या को बढ़ाए जाने से प्रदेश में हॉस्पिटैलिटी शिक्षा की बढ़ती मांग पूरी होगी। युवाओं को रोजगार के और अधिक अवसर भी मिलेंगे। इस संस्थान में रोजगारपरक डिप्लोमा और डिग्री कोर्स चलाए जा रहे हैं।
यह संस्थान राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं कैटरिंग प्रौद्योगिकी परिषद नोएडा से संबद्ध है। इसकी स्थापना वर्ष 1989 में फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट के रूप में हुई थी।
वर्ष 2009 में 20 सीटों के साथ इसे होटल प्रबंधन संस्थान के रूप में अपग्रेड किया गया। वर्ष 2013-14 में सीटों की संख्या को बढ़ाकर 40 किया गया था।