केंद्रीय गढ़वाल विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध संस्थानों के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। अब विश्वविद्यालय से किसी कारणवश निर्धारित समयावधि में डिग्री कोर्स पूरा न करने वाले छात्र को तीन वर्ष अतिरिक्त मिलेंगे। इसमें दो वर्ष यूजीसी और एक वर्ष का अतिरिक्त समय विवि विशेष परिस्थितियों में देगा।
केंद्रीय विवि के छात्रों को अब किसी भी डिग्री पाठ्यक्रम को पास करने के लिए नियत समयावधि के अलावा तीन साल और मिल सकते हैं। इस संबंध में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने विवि को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि छात्र को डिग्री पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए नियत समयावधि के अलावा दो वर्ष यूजीसी की ओर से दिए जाएंगे, जबकि एक वर्ष विवि छात्र को अपनी ओर से दे सकता है।
इसके लिए छात्र को विषम परिस्थितियों के साक्ष्य विवि को देने होंगे। गढ़वाल विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. केडी पुरोहित ने बताया कि विवि की ओर से छात्र को देने वाले अतिरिक्त एक वर्ष की सुविधा के लिए विवि को अध्यादेश में बदलाव करना पड़ेगा। विवि को यह प्रस्ताव शैक्षणिक परिषद में रखना होगा।
प्रस्ताव पास होने पर विवि छात्रों को अपनी ओर से एक वर्ष का अतिरिक्त समय दे सकता है। इस संबंध में विवि से संबद्ध सभी संस्थानों को सूचना भेज दी गई है।