चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी (सीसीएसयू) ने पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) के सेमेस्टर सिस्टम वाले कोर्सों के ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया छह दिन आगे बढ़ा दी है। 22 दिसंबर को खत्म होने वाली प्रक्रिया अब 28 दिसंबर तक जारी रहेगी। इस देरी के कारण सेमेस्टर परीक्षाएं अब और पीछे खिसकती नजर आ रही हैं।
सीसीएसयू ने पीजी सेमेस्टर कोर्सों के छात्रों के लिए छह दिन बढ़ाई प्रक्रिया
पीजी सेमेस्टर सिस्टम वाले एमए, एमकॉम, एमएससी के पहले और तीसरे सेमेस्टर के छात्र अब 28 दिसंबर तक अपने फार्म भर सकते हैं। विवि के मुताबिक कुछ बैंक चालान से जमा होने वाली फीस की प्रक्रिया के तहत छात्र ग्रेटर नोएडा के एक्सिस बैंक की शाखा का चुनाव न करें।
कुछ तकनीकी खामियों के चलते इस बैंक के जरिये फीस जमा नहीं हो पाएंगे। फीस भरने के लिए छात्र अन्य बैंकों का चुनाव कर सकते हैं। दूसरी ओर, विवि के नए कार्यक्रम के तहत छात्र 28 दिसंबर तक ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। 30 दिसंबर तक बैंक चालान के आधार पर फीस जमा होगी और 31 दिसंबर तक फार्म संबंधित कॉलेजों में जमा करने होंगे। कॉलेजों को तीन जनवरी तक सभी छात्रों के फार्म विवि में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रोफेशनल कोर्स की प्रक्रिया खत्म
सीसीएसयू के कॉलेजों में संचालित बीबीए-बीसीए समेत सभी प्रोफेशनल कोर्सों के ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया 23 दिसंबर को खत्म हो गई है। विवि की ओर से इन छात्रों के लिए तारीखों के विस्तारण के संबंध में सोमवार शाम तक कोई सूचना जारी नहीं की गई।