प्रदेश के हजारों युवाओं को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के फैसले से राहत मिली है। यूजीसी ने केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में यूजीसी नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (नेट) परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र स्थापित कर कुलपति को बतौर परीक्षक भी जिम्मेवारी सौंपी है। यूजीसी के इस फैसले से चंबा, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, मंडी और आसपास क्षेत्रों के युवाओं को बाहरी राज्यों में यूजीसी नेट देने नहीं जाना पड़ेगा।
क्षेत्र के स्नातकोत्तर डिग्री धारक नेट के लिए शिमला सहित चंडीगढ़, अमृतसर, जालंधर का रुख करते थे। स्थानीय संस्थाओं की मांग पर यूजीसी ने मानव संसाधन मंत्रालय की सिफारिश पर यह फैसला लिया है। यूजीसी नेट के लिए वर्षभर में दो बार होने वाली परीक्षा के लिए हिमाचल में एकमात्र परीक्षा केंद्र होने से युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। परीक्षा देने के लिए जाने वाले युवाओं को परीक्षा से एक दिन पूर्व ही केंद्र में पहुंचना पड़ता था। इसके अलावा परीक्षा केंद्र दूर होने की वजह से कई बार अभ्यर्थी परीक्षा देने से भी वंचित रहते थे।