सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड में विपुल लोहानी ने पांच विषयों और जय विक्रम सिंह ने छह विषयों के आधार पर टॉप किया है।
विपुल विजन वैली स्कूल काशीपुर, नैनीताल के छात्र हैं। विपुल को 500 में 488 यानी 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। उनके साथ ही वेल्हम ब्वायज के छात्र जय विक्रम सिंह ने ह्यूमैनिटीज में 600 में से 591 यानी 98.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
उन्होंने देहरादून रीजन में भी दूसरा स्थान प्राप्त किया है। माना जा रहा है कि विक्रम ने देहरादून में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
जय विक्रम की मार्कशीट
इंगलिश- 100
मैथ्स- 95
पॉलिटिकल साइंस- 99
इकोनॉमिक्स- 97
पेंटिंग- 100
सोशियोलॉजी- 100
गौरतलब है कि इस बोर्ड ने पहली बार पांच विषयों और छह विषयों के अलग-अलग आधार पर रिजल्ट जारी किया है।
प्रदेश में इनका रहा जलवा
विपुल- काशीपुर के विजन वैली स्कूल 97.6 प्रतिशत
कुशाग्र- बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल 96.8 फीसदी
मुग्धा श्रीवास्तव- डीपीएस हरिद्वार- 96.8 प्रतिशत
अंजलि शर्मा- डीएवी हरिद्वार- 96.6 प्रतिशत
तुषार गुप्ता, मोंटफोर्ट रुड़की- 96.6 प्रतिशत
अभिषेक सैनी, ग्रीनवे रुड़की - 96.5 प्रतिशत
स्वपनिल लोहानी, एपीएस-2 रुड़की-96.4 प्रतिशत
छात्राओं ने फहराया परचम
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए। देहरादून रीजन से संबद्ध 884 स्कूलों और 226 परीक्षा केंद्रों के कुल 1,02,617 परीक्षार्थियों में से 74,672 पास हुए।
ओवरआल 72.77 उत्तीर्ण प्रतिशत रहा। रिजल्ट में छात्राओं ने परचम फहराया। उनकी पास प्रतिशतता 81.93 प्रतिशत रही, जबकि 67.43 प्रतिशत छात्र ही पास हो सके।
देहरादून रीजन में रेगुलर और प्राइवेट कुल छात्रों में से 13,406 छात्र-छात्राओं की कंपार्टमेंट आई, जिनमें 9,418 और 3,988 छात्राएं शामिल हैं।
कंपार्टमेंट वाले छात्रों का प्रतिशत 14.52 जबकि छात्राओं का प्रतिशत 10.56 रहा। परीक्षा में पूरे रीजन से कुल 14,508 यानी 14.14 प्रतिशत छात्र-छात्राएं फेल हुए हैं।
केंद्रीय विद्यालय रहे अव्वल
क्षेत्रीय केंद्र से संबद्ध केंद्रीय विद्यालयों का बोर्ड रिजल्ट में दबदबा रहा। केंद्रीय विद्यालयों के कुल 97.81 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए, जिनमें 98.37 प्रतिशत छात्राएं और 97.29 प्रतिशत छात्र हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालयों में 96.18 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए जिनमें 97.03 प्रतिशत छात्राएं और 95.71 प्रतिशत छात्र शामिल हैं। निजी स्कूलों के कुल 88,576 छात्र-छात्राओं में से 64,914 यानी 73.29 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए। इनमें 26,762 यानी 82.33 प्रतिशत छात्राएं और 38,152 यानी 68.04 प्रतिशत छात्र शामिल हैं।
तिब्बतन स्कूलों में कुल 190 छात्रों में से 147 यानी 77.37 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए। इनमें 60 यानी 71.43 प्रतिशत छात्राएं और 87 यानी 82.08 प्रतिशत छात्र शामिल हैं।