कोचिंग संस्थानों की महंगी फीस अब इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं की राह में बाधा नहीं बनेगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) ने ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेंस की तैयारी के लिए पूरा स्डटी मैटेरियल अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध कराने का फैसला किया है।
बोर्ड को मिली शिकायतों के अनुसार कोचिंग संस्थान छात्रों से मनमानी फीस वसूलते हैं। छात्रों को स्टडी मैटेरियल महंगे दामों पर बेचा जाता है। इसीलिए बोर्ड ने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी से संबंधित पूरी लेक्चर सीरीज वेबसाइट पर अपलोड करने का निर्णय लिया है।
साथ ही वीडियो लिंक भी अपलोड किया जाएगा। इंटरनेट के जरिये छात्र आसानी से सभी लेक्चर सुन सकेंगे। इसके लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। सूत्रों के अनुसार यह सामग्री दिसंबर में छात्रों को उपलब्ध हो जाएगी।
बोर्ड के देहरादून क्षेत्रीय केंद्र के एक अधिकारी के मुताबिक कोचिंग सेंर्ट्स शहरों तक सीमित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के होनहार इन संस्थानों की महंगी फीस के कारण कोचिंग से महरूम रह जाते हैं। यही कारण है कि जेईई मेंस में ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों की सफलता का ग्राफ बेहद नीचे है।