सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाओं की तिथियां घोषित कर दी हैं। दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाएं दो मार्च से शुरू होंगी। दसवीं की परीक्षाएं 26 मार्च को और 12वीं की परीक्षा 17 अप्रैल को समाप्त होंगी।
परीक्षाएं सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक होंगी। स्कूल आधारित (सेमेटिव एसेसमेंट-2) परीक्षाएं मार्च के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी। इसके लिए स्कूलों को अपनी डेटशीट बनानी होगी। स्कूल आधारित दसवीं की परीक्षा (समेटिव-2) के लिए बोर्ड की ओर से स्कूलों को गाइडलाइंस जारी की जाएंगी।
सीबीएसई की दसवीं कक्षा की परीक्षाओं की शुरुआत इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी समेत अन्य नौ अतिरिक्त विषयों के पेपर से होगी। जबकि बारहवीं की परीक्षा अंग्रेजी पेपर से शुरू होगी। इस बार सीबीएसई की दसवीं व बारहवीं के छात्रों की संख्या में इजाफा हुआ है।
बीते साल दोनों परीक्षाओं के लिए देशभर से कुल 22,65,855 छात्र पंजीकृत हुए थे। इस साल की परीक्षा 24, 11, 000 छात्र देंगे। बारहवीं में बीते साल कुल 9, 40, 228 छात्र पंजीकृत हुए थे, जबकि इस बार 10 लाख 39 हजार छात्र पंजीकृत हुए हैं।
इस तरह से बारहवीं के लगभग एक लाख 98 हजार छात्र बढ़ गए हैं। दसवीं की परीक्षा में इस बार कुल 13 लाख 72 छात्र पंजीकृत हुए हैं।