शनिवार को 12वीं के बच्चे कुछ डरते, कुछ ठिठुरते परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे, लेकिन परचा सामने आया तो डर रहा न ठिठुरन।
बारिश का मजा लेते हुए घर लौटे
आसान सवाल देख चेहरों पर छाई चिंता की बदरी हवा हो गई। परीक्षा खत्म कर बच्चे बाहर निकले तो मेघ अब भी बरस रहे थे, लेकिन अब वे बारिश का मजा लेते हुए घर लौटे।
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा का पहले दिन 12वीं के बच्चों के लिए सुखद रहा। दून में बनाए गए 22 परीक्षा केंद्रों पर 11705 छात्रों ने परीक्षा दी, हालांकि पंजीकरण 12 हजार छात्रों का था। छात्र अनितेज ने बताया कि पेपर बहुत अच्छा हुआ।
कुछ सवाल जरा मुश्किल थे लेकिन ओवरऑल बेहतर रहा। दून इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य और अंग्रेजी की विभागाध्यक्ष हेमा थपलियाल ने बताया कि इसे एक स्टैंटर्ड पेपर कह सकते हैं। पेपर में डिफिकल्टी लेवल गत वर्षों जैसा ही था।
सोमवार से दसवीं की परीक्षाएं होंगी शुरू
नोवल्स और राइटिंग स्किल्स सेक्शन भी अच्छा था। जो बच्चे लगातार प्रैक्टिस कर रहे थे, उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। आखिरी पलों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को थोड़ी दिक्कत हुई होगी। सोमवार से दसवीं की परीक्षाएं भी शुरू होने जा रही हैं।
दसवीं में पहला पेपर गणित का होगा। सोमवार से ही आईसीएसई 10वीं की परीक्षाएं भी शुरू होंगी। आईसीएसई में पहला पेपर अंग्रेजी का होगा।
परीक्षा केंद्र चार किलोमीटर दूर
सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के पहले दिन पांच स्कूलों के 405 छात्र अंग्रेजी की परीक्षा में शामिल हुए। इस बार परीक्षा केंद्र शहर से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित केंद्रीय विद्यालय पोलो ग्राउंड में बनाया गया है।
भारी ठंड और बारिश के बाद छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।