देशभर में 13 इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम) और टॉप बिजनेस स्कूलों में दाखिले के लिए होने वाले कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) 2013 में लड़कियों की संख्या में इजाफा हुआ है।
कैट में छात्राओं की संख्या साल दर साल बढ़ती जा रही है। इस बार कुल आवेदन में से 30 प्रतिशत लड़कियों के हैं, जबकि कैट-2013 में कुल रजिस्ट्रेशन बीते साल की तुलना में 20 हजार कम हुए हैं।
इसके बावजूद लड़कियों की संख्या में बढ़ोतरी होना बड़ी बात है। बीते साल कैट में कुल 2.14 लाख स्टूडेंट ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, जबकि इस बार कैट-2013 में रजिस्ट्रेशन की संख्या 1.94 लाख ही है। इस बार कैट करवाने का जिम्मा आईआईएम इंदौर को सौंपा गया है।
कैट-2013 के समन्वयक प्रो. रोहित कपूर बताते हैं कि साल दर साल कैट में मुकाबला कड़ा होता जा रहा है। ऐसे में अब विद्यार्थी बहुत सोच समझकर फॉर्म भरते हैं। रिजल्ट अच्छा दे पाने पर ही फॉर्म भर रहे हैं।
प्रो. कपूर कहते हैं कि कैट में इस बार 20 हजार आवेदन कम होने के बावजूद लड़कियों की संख्या में इजाफा हुआ है। लड़कियां लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। इस बार भी उनसे उम्मीद है।
कैट-2012 में चार छात्राएं ऐसी थीं जिन्होंने 99.94 परसेंटाइल हासिल किया था। इसके अलावा 255 छात्राओं के 99 परसेंटाइल थे। इस बार उम्मीद है कि यह परसेंटाइल और बढ़ेगा।
26 सितंबर को खत्म हुए रजिस्ट्रेशन के बाद जो आंकड़े सामने आए हैं उनके अनुसार 1,96,000 अभ्यर्थियों ने कैट के ऑनलाइन व ऑफलाइन वाउचर खरीदे थे।
इसमें से रजिस्ट्रेशन करवाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या 1,94,000 है। इस बार कैट का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट 40 शहरों में होगा। टेस्ट 16 अक्टूबर से 11 नवंबर तक होगा।