देश के सबसे बड़े मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट आईआईएम में दाखिले के लिए कैट 2014 की परीक्षा में शामिल होने के लिए छात्रों के पास अंतिम दो दिन बचे हैं।
परीक्षा में शामिल होने के लिए 6 अगस्त से शुरू हुई ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 30 सितंबर को खत्म हो जाएगी। पंजीकरण कराने वाले छात्रों की परीक्षा 16 और 22 नवंबर को होगी।
कैट की परीक्षा के लिए इस बार देश के 99 शहरों में कुल 354 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार छात्रों को अपनी सुविधा के मुताबिक परीक्षा तिथि चुनने का अधिकार खत्म कर दिया गया है।
परीक्षा के लिए दो तारीखें तय हैं। पंजीकरण के बाद छात्र अपना एडमिट कार्ड परीक्षा वाले दिन तक ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।
छात्रों को परीक्षा तिथि खुद चुनने का अधिकार तो खत्म हुआ है, लेकिन उन्हें इस बार आधे घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया है। पहले 140 मिनट मिलते थे, मगर इस बार प्रश्न हल करने के लिए 170 मिनट मिलेंगे।
छात्रों को सलाह है कि वह पंजीकरण के लिए अंतिम दिन का इंतजार न करें। कैट में पंजीकरण के अंतिम दिन किसी तरह की दिक्कत न आए, इसकी इसकी पूरी तैयारी की गई है।
नतीजे दिसंबर के तीसरे सप्ताह में आएंगे। परीक्षा पास करने वाले छात्रों को अहमदाबाद, बंगलूरू, कोलकाता, इंदौर, रायपुर, रांची और लखनऊ समेत कुल 13 आईआईएम मेें दाखिला मिलेगा।