डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्ध राजधानी के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में पिछले सालों की तुलना में इस बार प्लेसमेंट का ग्राफ काफी अधिक रहने की संभावना है।
अभी तक संस्थान में केवल चार कम्पनियों ने विजिट किया और 159 छात्र-छात्राओं को नौकरी मिल चुकी है। जबकि अभी 10 से अधिक कम्पनियों का आना बाकी है। तीन कम्पनियां तो दिवाली के करीब ही कैम्पस प्लेसमेंट के लिए आने वाली हैं।
कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल का अनुमान है कि वर्तमान सत्र के प्लेसमेंट की संख्या 240 से 250 के बीच रह सकती है। जबकि सत्र 2014-15 में कुल 210 छात्र-छात्राओं को कैम्पस प्लेसमेंट से नौकरी मिली थी।
सत्र 2012-13 और 13-14 में कॉलेज के प्लेसमेंट्स में काफी गिरावट आई थी। लेकिन अब एक बार फिर से कॉलेज के प्लेसमेंट्स में सुधार होता नजर आ रहा है। स्थिति ये है कि आईईटी में सत्र 2014-15 के दौरान कुल 210 छात्र-छात्राओं को नौकरी मिली जो कि पिछले सात साल में सर्वाधिक था।
उससे पहले सत्र 2008-09 में आईईटी से सर्वाधिक 207 प्लेसमेंट हुए थे। लेकिन इस साल जिस तरह कम्पनियां यहां रुझान दिखा रही हैं उससे पिछले साल का भी रिकॉर्ड टूटने की संभावना है।
इस साल एमेजन कम्पनी ने भी कॉलेज के दो स्टूडेंट्स को शॉर्टलिस्ट किया है। इनमें से एक कम्प्यूटर साइंस और एक आईटी से है। इनको कम्पनी ने 7.5 लाख सालाना का ऑफर दिया है।
यह कॉलेज के छात्रों को सर्वाधिक पैकेज देने में दूसरे नंबर की कम्पनी बन गई है। अभी तक कॉलेज में सबसे अधिक 10 लाख रुपये का सालाना पैकेज एडोब कम्पनी देती आई है। इसके बाद अन्य कम्पनियों के पैकेज 3.4 लाख से पांच लाख रुपये के बीच रहते थे।