दिल्ली विश्वविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट के पहले दौर में बुधवार को तीन कंपनियां छात्रों को नौकरी की पेशकश के लिए पहुंचीं। तीनों कंपनियों के समक्ष करीब 300 छात्र उपस्थित हुए। सोमवार तक कंपनियां फाइनल चयन के विषय में डीयू प्रशासन को जानकारी देंगी।
सेंट्रल प्लेसमेंट सेल (सीपीसी) से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, कैंपस प्लेसमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अगले आदेश तक जारी रहेगी। बुधवार प्लेसमेंट में हिस्सा लेने के लिए कंसल्टिंग फर्म लीची नॉलेज सेंटर, एक्सपर्ट इंटिलेक्चूअल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, ईएक्सएल सर्विस कंपनी कैंपस पहुंची।
लीची नॉलेज सेंटर के समक्ष बिजनेस डेवलपमेंट एक्जीक्यूटिव पद के लिए छात्र उपस्थित हुए, जबकि एक्सपर्ट इंटिलेक्चुअल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड क्रिएटिव राइटर और एकेडमिक कॉर्डिनेटर के लिए छात्रों का चयन करेगी। बताया जा रहा है कि दोनों कंपनियों ने छात्रों को लगभग फाइनल चयन कर लिया है। इन कंपनियों ने 3.6 से लेकर 4.8 लाख रुपये तक पैकेज रखा है।
वहीं ईएक्सएल कंपनी अभी साक्षात्कार राउंड करेगी। यह कंपनी कस्टमर केयर एक्जीक्यूटिव के रूप में छात्रों का चयन करेगी। कंपनी इनसेंटिव छोड़कर सालाना दो लाख का पैकेज देगी।
अधिकारी उम्मीद कर रहे हैं कि उपस्थित छात्रों में से कम से कम 50 का चयन कंपनियां करेंगी। गौरतलब है कि बीते सितंबर से सीपीसी के तहत होने वाले प्लेसमेंट के लिए पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। अभी तक लगभग 5000 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।