बीटेक, बीएससी के बाद एमटेक, एमएससी, डायरेक्ट पीएचडी में दाखिले के लिए होने वाले ग्रेजुएशन एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट) में पहली बार ऑनलाइन कैलकुलेटर के इस्तेमाल की छूट मिलेगी।
गेट-2016 के लिए जारी नोटिफिकेशन में आईआईएससी बैंगलोर ने बताया है कि इस बार पेट्रोलियम इंजीनियरिंग वाले छात्र भी इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। परीक्षा के लिए एक सितंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रबंधन की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा कॉमन एडमिशन टेस्ट(कैट) की तर्ज पर गेट में भी ऑनलाइन कैलकुलेटर की छूट दे दी गई है। यह कैलकुलेटर गेट की वेबसाइट पर जारी कर दिया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी पहले ही प्रैक्टिस कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस बार गेट परीक्षा की आंसर की जारी की जाएगी और उस पर कुछ तय समय के लिए आपत्तियां भी मांगी जाएंगी।
हर सवाल पर आपत्ति करने के लिए कुछ शुल्क देना होगा। पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के छात्रों को भी अब गेट परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। देहरादून सहित देश में तमाम शिक्षण संस्थानों में पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए यह अच्छा मौका होगा।
यहां होता है परीक्षा से फायदा
देश के तमाम आईआईटी के अलावा आईआईएससी बैंगलोर में ग्रेजुएशन कोर्स के बाद पीजी कोर्स में एडमिशन गेट स्कोर के आधार पर मिलता है। इसके अलावा गेट स्कोर के आधार पर आईआईएससी बैंगलोर में एडमिशन होने के बाद मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से विशेष वित्तीय सहायता भी दी जाती है।
बीते कुछ वर्षों से इंडियन ऑयल, ओएनजीसी और नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन जैसी कंपनियों में गेट स्कोर के आधार पर भर्ती होने लगी है। यह युवाओं के लिए रोजगार का नया अवसर है।
आईआईटी रुड़की जोन में यह परीक्षा केंद्र
अंबाला, अमृतसर, भटिंडा, चंडीगढ़-मोहाली-फतेहगढ़ साहिब, देहरादून, गाजियाबाद, हल्द्वानी-भीमताल, हमीरपुर-ऊना-हिमाचल प्रदेश, जालंधर-फगवाड़ा, कुरुक्षेत्र, लुधियाना-मोगा, मेरठ, मुरादाबाद, नोएडा, पंचकुला, पानीपत, पठानकोट, पटियाला-संगरूर, रुड़की-मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, सिरमौर, सोलन-शिमला, सोनीपत और यमुनानगर। परीक्षा के लिए आईआईटी के आठ जोन में परीक्षा केंद्र बांटे गए हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां
आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की तिथि : 1 सितंबर 2015
आवेदन की अंतिम तिथि : 1 अक्तूबर 2015
परीक्षा केंद्र का विकल्प बदलने की तिथि : 20 नवंबर 2015
एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि : 17 दिसंबर 2015
गेट ऑनलाइन एग्जाम की तिथि : 30 व 31 जनवरी और 6 व 7 फरवरी 2016
रिजल्ट जारी होने की तिथि : 19 मार्च 2016
परीक्षा का शुल्क : सामान्य के लिए 1500 रुपए, एससी, एसटी, विकलांग और महिला के लिए 750 रुपए।
यह होगी वेबसाइट : www.gate.iisc.net.in