लखनऊ विश्वविद्यालय की बीएससी मैथ्स, बीकॉम ऑनर्स और बीकॉम रेग्युलर के लिए कटऑफ लिस्ट जारी कर दी गई है।
एलयू में बीएससी मैथ्स की कटऑफ 94.688 परसेंट तक गई है। बीएससी मैथ्स में इससे कम अंक पाने वाले स्टूडेंट मेरिट सूची में जगह नहीं बना सके।
वहीं बीकॉम ऑनर्स में 92.569 परसेंट तक अंक पाने वाले दाखिला पाने में सफल हुए हैं जबकि बीकॉम रेग्युलर कोर्स में 91.163 परसेंट तक नंबर पाने वालों को दाखिला मिला है।
बीकॉम सेल्फ फाइनेंस की कटऑफ 88.754 परसेंट रही। लखनऊ विश्वविद्यालय ने इन सभी विषयों में चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची वेबसाइट www.luadmission.nic.in पर अपलोड कर दी है।
बीएससी बायो व बीएससी मैथ्स की मेरिट सूची अभ्यर्थियों द्वारा दी गई सब्जेक्ट चॉइस व उनके परसेंट के अनुसार तैयार की गई है। स्टूडेंट अपनी चॉइस व मेरिट के अनुसार तैयार की गई इस सूची को ढंग से देख लें।
स्टूडेंट्स दाखिले के लिए अपनी फीस स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में ई-चालान के माध्यम से 23 जुलाई तक जमा कर सकेंगे।
इसके बाद स्टूडेंट अपनी संबंधित फैकल्टी के डीन कार्यालय में जाकर दाखिले की औपचारिकताएं पूरी करेंगे।
एलयू के प्रवेश समन्वयक (स्नातक) प्रो. प्रवीण नागर के अनुसार स्टूडेंट की सेलेक्टेड मेरिट सूची और उसकी ओवरऑल मेरिट सूची दोनों वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
ऐसे एससी-एसटी स्टूडेंट जिनके अभिभावक की वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम है उन्हें जीरो फीस का लाभ मिलेगा।
इन अभ्यर्थियों को अपने जाति प्रमाणपत्र व आय प्रमाण पत्र की ओरिजनल कापी के साथ 21 जुलाई को प्रवेश समन्वयक कार्यालय में उपस्थित होना होगा।
सभी स्टूडेंट फीस जमा करने के बाद अपने संबंधित डीन कार्यालय में यह डॉक्यूमेंट लेकर उपस्थित होंगे।