राजकीय बहुतकनीकी संस्थान अंबाला सिटी के मेकेनिकल डिप्लोमा के पार्ट टाइम कोर्स के विद्यार्थियों ने सस्ता बम निरोधक रोबोट तैयार किया है। यह रोबोट जहरीले सांपों को भी आसानी से पकड़ सकता है।
संस्थान के प्रिंसिपल आरसी जिंदल ने बताया कि विद्यार्थियों ने पांच महीने की कड़ी मेहनत के बाद सस्ता बम रिफ्यूजर रोबोट तैयार कर संस्थान और जिले का नाम रोशन किया है।
उन्होंने रोबोट बनाने वाले विद्यार्थी ललित, दलविंद्र, तलविंद्र, गुरविंद्र, सिराज, प्रध्यापक, समन्वयक संजीव कुमार और अनुदेशक हरमीत सिंह को शुभकामनाएं दी हैं।
समन्वयक संजीव कुमार और अनुदेशक हरमीत सिंह ने बताया कि रोबोट बम निरोधक दस्तों की बम उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने में मदद करेगा।
फटने की स्थिति में सैनिकों व पुलिस बलों की जान सुरक्षित रहेगी। बम को रिफ्यूज करते समय अकसर सैनिक और पुलिस कर्मी घायल हो जाते हैं।
रोबोट की खासियत
रोबोट के बारे में संजीव कुमार ने बताया कि इसमें एक वायरलेस कैमरा लगा है जिसकी मदद से वे किसी संदिग्ध भवन में छुपे खतरनाक व्यक्तियों की जानकारी भवन के बाहर बैठे सैनिकों के कंप्यूटर स्क्रीन पर भेज सकते हैं। इससे सैनिकों को संदिग्ध व्यक्तियों की संख्या का सही अनुमान लगाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उनके पास उपलब्ध हथियारों की जानकारी भी मिल सकेगी।
और सस्ते रोबोट बनाने का दावा
इस रोबोट के निर्माण पर लगभग 20 हजार रुपये खर्च हुए हैं। अगर प्रशासन, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन इन विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों का सहयोग करता है तो वे अधिक उन्नत और सस्ते रोबोट तैयार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने एक छोटे आकार का रोबोट बनाने की भी योजना बनाई है जिसकी मदद से दीवाली के दिनों में बच्चे रोबोट की मदद से पटाखे जला सकेंगे।
ऐसे काम करेगा रोबोट
यह रोबोट एक कंप्यूटर से अटैच उपकरण की तरह काम करेगा। रोबोट पर हाई रेजोलेशन माइक्रो कैमरे अटैच रहेंगे, जो किसी भी जगह पर बम या अन्य अवांछनीय वस्तुओं को कैद करेंगे। कैमरे में अवांछनीय वस्तु कैद होते ही यह तस्वीरें रोबोट को कंट्रोल कर रहे व्यक्ति के सामने कंप्यूटर स्क्रीन पर आ जाएंगी। इसके बाद कंप्यूटर से कमांड देकर रोबोट को उस अवांछनीय वस्तु तक पहुंचाया जाएगा और रोबोट अपनी ग्रिप से उस अवांछनीय वस्तु को उठाकर बाहर ले जाएगा।