एलयू ने रविवार को परीक्षा फॉर्म जमा करने की तारीख 3 दिसंबर तक बढ़ा दी।
अब एलयू व सभी डिग्री कॉलेजों के स्टूडेंट जो पीजी, पीजी व यूजी के प्रबंधकीय पाठ्यक्रमों के विषम सेमेस्टर और पीजी डिप्लोमा व बीएलआईएससी व बीपीएड की पढ़ाई कर रहे हैं।
उनकी सेमेस्टर परीक्षाएं दिसंबर में होनी है वे 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। एलयू ने यह आदेश जारी कर बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स को राहत दी है।
एलयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. अकील अहमद ने बताया कि परीक्षा फॉर्म अब 3 दिसंबर तक जमा किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे स्टूडेंट जिनकी परीक्षाएं 3 को ही हैं उनकी संख्या बहुत कम है।
वे सोमवार तक अपना परीक्षा फॉर्म जमा कर दें, ताकि उन्हें परीक्षा देने में दिक्कत न हो। मालूम हो कि एलयू में रजिस्ट्रार व परीक्षा नियंत्रक के बीच प्रवेश शुल्क की तारीख बढ़ाए जाने पर मतभेद था।
रजिस्ट्रार कैप्टन अमिताभ प्रकाश ने परीक्षा नियंत्रक से बगैर पूछे कॉलेजों की फीस जमा करने की तारीख 30 नवंबर तक बढ़ा दी। इसके बाद जो स्टूडेंट फीस जमा कर चुके थे वह शनिवार को एलयू में परीक्षा फॉर्म जमा करने पहुंच गए।
मगर कैशियर कार्यालय में उनका परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया गया। परीक्षा विभाग ने फॉर्म लेने से इन्कार कर दिया। क्योंकि दिसंबर में होने वाली विषम सेमेस्टर की परीक्षा में बैठने वाले स्टूडेंट्स की परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 12 नवंबर थी।
ऐसे में परीक्षा फॉर्म जमा करने वाले स्टूडेंट्स के फॉर्म जमा नहीं किए जा रहे थे। एलयू में दिनभर परेशान हुए स्टूडेंटस का यह दर्द अमर उजाला ने प्राथमिकता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद रविवार को अधिकारी हरकत में आए और छात्रों को राहत मिली।
(इस खबर पर प्रतिक्रिया देने के लिए नीचे के बॉक्स में कमेट करें, शेयर करने के लिए फेसबुक शेयर बटन पर क्लिक करें)