बीएड कॉलेजों में दाखिले के लिए छात्रों को घोषणापत्र देना होगा। छात्रों को काउंसलिंग के जरिये अलॉट होने वाले कॉलेज में सीट स्वीकार करने के संबंध में सहमति जतानी होगी।
इसमें कई अन्य बिंदुओं पर भी घोषणा करनी होगी। प्रोफार्मा जारी कर दिया गया है। काउंसलिंग प्रक्रिया में नोएडा के छात्रों के लिए मेरठ में तीन सेंटर बनाए गए हैं।
बीएड की ऑनलाइन काउंसलिंग 16 जून से शुरू होगी। इसके लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। काउंसलिंग के लिए जरूरी प्रमाणपत्रों की सूची भी उपलब्ध करा दी गई है।
घोषणापत्र में छात्र को योग्यता परीक्षा का विवरण, श्रेणी, उप श्रेणी और श्रेणी रैंक समेत अपना पूरा विवरण देते हुए ये घोषणा करनी होगी कि सभी विवरण सही हैं, जिसके गलत साबित होने पर दाखिला रद्द कर दिया जाए।
दूसरी ओर, नोएडा के छात्रों को काउंसलिंग में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया के लिए मेरठ जाना होगा। इसके लिए इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉरमेशन एंड मैनेजमेंट साइंस, सर छोटू राम इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और बेकॉन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को काउंसलिंग सेंटर बनाया गया है।