प्रदेश विश्वविद्यालय और रीजनल सेंटर धर्मशाला सहित 75 संबद्ध कॉलेजों में दो जून को बीएड प्रवेश परीक्षा होगी। एंट्रेंस टेस्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 16 मई रखी गई है। एनसीटीई के फैसले के मुताबिक इस बार सभी बीएड कॉलेजों में दो साल का कोर्स होगा। विवि की प्रवेश शाखा ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया है।
यह विवि की वेबसाइट www.hpuniv.in पर उपलब्ध है। छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बीएड प्रवेश परीक्षा को तय फीस छात्र डेबिट/क्रेडिट कार्ड के जरिये ऑनलाइन अदा कर सकते हैं। वहीं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा से भी फीस का भुगतान करने की सुविधा होगी।
15 परीक्षा केंद्रों में लिया जाएगा एंट्रेंस टेस्ट
15 परीक्षा केंद्रों में एंट्रेंस टेस्ट लिया जाएगा। इनमें शिमला, सोलन, नाहन, धर्मशाला, बिलासपुर, पालमपुर, हमीरपुर, रामपुर बुशहर, सुंदरनगर, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, ऊना, अंब और चंबा शामिल हैं।
उधर, परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्यामलाल कौशल ने बताया कि विवि के अपने बीएड करवा रहे संस्थानों के साथ विवि से संबद्ध सभी बीएड कॉलेजों के लिए प्रवेश परीक्षा होगी। परीक्षा इसके लिए फीस दरें तय की गई हैं। इसके लिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बीते सत्र में साढ़े आठ हजार सीटों को प्रवेश परीक्षा हुई थी।
600 के बजाय 800 देनी होगी फीस
बीएड की प्रवेश परीक्षा के लिए छात्रों को इस बार बढ़ी फीस की दरें चुकानी होंगी। सामान्य वर्ग/ओबीसी के लिए यह फीस 600 से बढ़ाकर 800 कर दी गई है, जबकि एससी/एसटी वर्ग के छात्रों को 300 के बजाय 400 रुपये फीस देनी होगी।
अभी तय नहीं फीस स्ट्रक्चर- बीएड कोर्स को दो साल किए जाने के बाद फीस स्ट्रक्चर अभी तय नहीं है। प्रोस्पेक्टस में दिए स्ट्रक्चर के मुताबिक विवि के अपने संस्थानों से 16 से बीस हजार और निजी कॉलेजों में 90 हजार तक में यह दो वर्षीय कोर्स पूरा हो पाएगा।