केवल विषय की पढ़ाई ही काफी नहीं है। ऐसा नैतिक ज्ञान भी जरूरी है, जो संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास करे। इसी मंशा से बीबीएयू में स्टूडेंट्स को समाज सेवा का पाठ पढ़ाया जाएगा।
विवि ने कोर्स डिजाइनिंग के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बना दी है। क्रेडिट बेस्ड सिस्टम के तहत नए सत्र से स्टूडेंट्स को कम्युनिटी सर्विसेज का पाठ पढ़ाया जाएगा।
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विवि के कुलपति प्रो. आरसी सोबती ने बताया कि कोर्स की पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों को यह भी पता होना चाहिए कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियां क्या हैं।
और समाज में किस तरह रहकर उसे मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि पांच सदस्यीय कमेटी में प्रोफेसर सुनीता मिश्रा, प्रो. एसवी बाबू, डॉ. बीबी मलिक, डॉ. पी मोहंती व डॉ. आरके साहू शामिल हैं।
कमेटी को निर्देश दिए गए हैं कि वे 23 फरवरी तक अपनी रिपोर्ट भेज दें। इसके बाद कोर्स कन्टेंट पर अन्य विशेषज्ञों से चर्चा करके इसे लागू किया जाएगा।
बीबीएयू प्रशासन इसे अपने यहां चलाए जाने वाले सभी 48 कोर्सेज में पढ़ाएगा। क्रेडिट बेस्ट सिस्टम के तहत इसे स्टूडेंट अपनी आगे की कक्षा में ट्रांसफर कर सकेगा।