अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को गाजियाबाद, बुलंदशहर और हापुड़ में आयोजित होगी।
गाजियाबाद में नेहरूनगर स्थित गाजियाबाद पब्लिक स्कूल (जीपीएस) में नौवीं-10वीं वर्ग, 11वीं-12वीं और अंडर ग्रेजुएट कैटेगरी में कुल 948 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
हापुड़ में मेरठ रोड स्थित एसडीए मिशन स्कूल में तीनों कैटेगरी में कुल 621 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं, बुलंदशहर के कालेआम स्थित आजाद पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र में कुल 390 परीक्षार्थी बैठेंगे।
सिटिंग प्लान पूरा, रोल नंबर किए जारी
छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए गाजियाबाद पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर सिटिंग प्लान शनिवार को पूरा कर लिया गया। साथ ही छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए आवेदन फार्म के परीक्षार्थियों को फोन करके शनिवार को डुप्लीकेट एडमिट कार्ड इश्यू किए गए। हापुड़ और बुलंदशहर में भी एडमिट कार्ड बच्चों तक पहुंचा दिए गए हैं।
सुबह 9.30 बजे से परीक्षा केंद्र में एंट्री
परीक्षार्थियों की परीक्षा केंद्र में एंट्री सुबह 9.30 बजे से होगी। निर्धारित समय के बाद किसी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पेपर सुबह 10.30 बजे शुरू होकर 11.45 बजे तक चलेगा।
कुल 75 अंकों की होगी छात्रवृत्ति परीक्षा
नौवीं-10वीं, 11वीं-12वीं और अंडर ग्रेजुएट तीन कैटेगरी में होने वाली छात्रवृत्ति परीक्षा कुल 75 अंकों की होगी। प्रश्न-पत्र के पहले खंड में 60 अंकों के बहुविकल्पीय सवाल होंगे। बहुविकल्पीय प्रत्येक सवाल के लिए एक अंक निर्धारित है।
पेपर के दूसरे खंड में परीक्षार्थियों को किसी विषय पर 150 शब्दों में एक टिप्पणी लिखनी होगी। टिप्पणी के 15 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा के पहले भाग में करेंट अफेयर्स, गणित और तार्किक सवाल पूछे जाएंगे।