पॉलीटेक्निक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले की अंतिम तिथि एक हफ्ते के लिए बढ़ा दी गई है। विभिन्न राजकीय, अनुदानित और गैर सहायता प्राप्त पॉलीटेक्निकों में दाखिले के लिए अब 17 फरवरी तक आवेदन किया जा सकता है।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव योगेंद्र सिंह यादव ने अंतिम तिथि बढ़ाने संबंधी आदेश शनिवार को जारी किया। फॉर्म ऑनलाइन भी भरे जा सकते हैं।
प्राविधिक परीक्षा परिषद से संबद्ध उत्तर प्रदेश के राजकीय, अनुदानित और निजी क्षेत्र के पॉलीटेक्निक संस्थानों में डिप्लोमा, पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, होटल मैनेजमेंट, कैटरिंग और फॉर्मेसी आदि में दाखिले के लिए फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 17 फरवरी कर दी गई है।
इस साल ऑफलाइन के साथ ही पहली बार परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म भरे जा रहे हैं। 17 फरवरी तक अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर अपना पंजीकरण कराना है।
इसके बाद 19 फरवरी तक इलाहाबाद बैंक की किसी भी शाखा में फीस जमा की जा सकती है। अभ्यर्थी निजी और राजकीय संस्थानों के साथ ही डाकघरों के माध्यम से भी फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
ओएमआर के माध्यम से भरे फॉर्म में अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग से पहले आरक्षण संबंधी प्रमाणपत्र परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे।
पॉलीटेक्निक के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए प्रदेश में इस समय 90 हजार के करीब सीटें हैं। दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा 27, 28 और 29 अप्रैल को होगी।