श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि के 32 संबद्ध बीएड कालेजों की 3200 सीटों की प्रवेश परीक्षा की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरू होने जा रही है। यह प्रवेश परीक्षा दो अगस्त को प्रदेश में 11 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
श्रीदेव सुमन विवि में सत्र 2015-16 में बीएड करने के इच्छुक युवाओं के लिए सोमवार से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। 22 जून से 11 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। दो अगस्त को गढ़वाल के 10 शहरों के 11 केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
विवि के कुलपति डॉ. उदय सिंह रावत ने बताया कि अभ्यर्थियों की सहूलियत को देखते हुए ऑनलाइन आवेदन का विकल्प दिया गया है। 11 जुलाई तक ही परीक्षा का शुल्क भी जमा कराना होगा। शुल्क जमा कराने के लिए विवि ने ऑनलाइन, ई चालान और ड्राफ्ट का विकल्प दिया है।
प्रदेश में 32 बीएड कॉलेजों की 3200 बीएड सीटों के लिए यह प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। इनमें पांच नए बीएड कॉलेज भी शामिल हैं। परीक्षा में सामान्य और ओबीसी के लिए 700 रुपए और एससी, एसटी और विकलांग के लिए 350 रुपए आवेदन शुल्क है।
यहां होगी परीक्षा
परीक्षा के लिए ऋषिकेश, गोपेश्वर, अगस्त्यमुनि, श्रीनगर, कोटद्वार, नई टिहरी, उत्तरकाशी, रुड़की, हरिद्वार और डाकपत्थर में बनाए जाएंगे। देहरादून में परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए जाएंगे।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन : www.sdsuv.ac.in
बीएड की परीक्षाएं आज से
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि के सत्र 2013-14 के बीएड छात्रों की परीक्षाएं सोमवार से शुरू होने जा रही हैं। विवि के कुलसचिव हंसराज बिष्ट ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विवि अपने स्तर पर सरकारी या सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में यह परीक्षा आयोजित करा रहा है।