तीर्थनगरी हरिद्वार में दूधिए का बेटा ऑल इंडिया प्री मेडिकल टेस्ट में दूध सी सफेद चमक बिखरने में कामयाब रहा।
इस बेटे ने राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले एआईपीएमटी (ऑल इंडिया प्री मेडिकल टेस्ट) में 736वीं रैंक हासिल करने में कामयाबी पाई। होनहार बेटे के घर पर सोमवार को इलाके भर से बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
लक्सर ब्लॉक के गांव शकरपुर में राजवीर सिंह पंवार का परिवार रहता है। दो चार बीघा काश्त की जमीन से परिवार की गुजर बसर नहीं होती थी तो चार भैंस पाल ली। दूध बेचकर दो बेटे और एक बेटी के साथ पांच सदस्यों वाला यह परिवार पल रहा है।
बच्चों में सबसे बड़ी बेटी है जो बीए की पढ़ाई कर रही है। सबसे छोटा बेटा बारहवीं की पढ़ाई कर रहा है। मझले बेटे अंकित पंवार ने गांव ही नहीं बल्कि इलाके का नाम रोशन कर दिया।
25 जुलाई को हुई एआईपीएमटी परीक्षा का सोमवार को रिजल्ट आया तो परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली इस परीक्षा में अंकित ने 736वीं रैंक हासिल की।