नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (नाइलिट, पूर्व में डोएक) के देश भर के विभिन्न केंद्रों में पढ़ रहे स्टूडेंट्स को अब अपने विषय का स्टडी मैटीरियल इलेक्ट्रॉनिक प्रारूप में ही मिल जाएगा।
वे इसे नाइलिट की वेबसाइट से खुद डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए नाइलिट अपने सभी कोर्सेज का स्टडी मैटीरियल अब डिजिटल प्रारूप में विकसित करा रहा है।
ई-कंटेंट विकसित करने के लिए देश की कुछ दिग्गज आईटी कंपनी नाइलिट को अपने प्रस्ताव दे चुकी हैं। हालांकि कंपनी के नाम पर अंतिम मुहर लगना अभी बाकी है।
कंपनी फाइनल होते ही कंटेंट विकसित करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस कंटेंट की खास बात यह भी है कि इसमें एनिमेशन का प्रयोग किया जाएगा।
जैसे उसमें साउंड इफेक्ट्स, टॉपिक को इंडीकेट करने के लिए अलग-अलग तरह के चिन्ह आदि शामिल होंगे। एनिमेशन का प्रयोग करने से यह स्टूडेंट्स को आकर्षित करेगा।
डाउनलोड कर सकेंगे स्टडी मैटीरियल
स्टूडेंट्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह भी व्यवस्था की जा रही है कि जो ई-कंटेंट नाइलिट की वेबसाइट पर होगा उसे डाउनलोड किया जा सके।
हालांकि इस ई-कंटेंट तक केवल नाइलिट में पंजीकृत स्टूडेंट्स की ही पहुंच होगी। इसके लिए प्रवेश लेने के बाद स्टूडेंट को नाइलिट की वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करना होगा जहां उसे लॉगइन आईडी और पासवर्ड मिलेगा।
क्योंकि ई-कंटेंट खुद नाइलिट तैयार करा रहा है, इसलिए यह सिलेबस के हिसाब से टू द प्वाइंट होगा। इस बात का भी प्रयास किया जा रहा है कि एनिमेशन का प्रयोग करके ई-कंटेंट में विषय से जुड़े कुछ उदाहरण भी इस तरह शामिल किए जाएं कि पढ़ने वाले को वह अच्छे से समझ में आए।
नाइलिट उत्तर प्रदेश रीजन के डायरेक्टर इंचार्ज आलोक त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान में देश भर में नाइलिट के 22 केंद्र हैं। इनमें लगभग 44 हजार स्टूडेंट्स तो रेगुलर कोर्सेज में ही रजिस्टर्ड हैं।
अगर सीसीसी के 2 माह चलने वाले कोर्स में पंजीकृत स्टूडेंट्स को भी शामिल कर लें तो यह संख्या लाखों में है।