कई बार कहे जाने के बावजूद भी डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय से संबद्घ कई इंजीनियरिंग व मैनेजमेंट कॉलेज अपने यहां के छात्र-छात्राओं की डिग्रियां विवि से नहीं ले रहे हैं, लेकिन अब उन पर प्रतिदिन 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा।
एकेटीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीएन मिश्रा ने बताया कि कॉलेजों को कई बार रिमाइंडर भेजा जा चुका है कि वे अपने यहां की छात्र संख्या के अनुसार निर्धारित शुल्क जमा करके विवि से सत्र 2014-15 की डिग्री ले जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं को असुविधा न हो।
लेकिन सूबे के 205 कॉलेजों ने अभी तक डिग्री नहीं ली है। इनमें 18 संस्थान तो लखनऊ के हैं। परीक्षा विभाग ने ऐसे कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे 13 फरवरी की शाम पांच बजे तक परीक्षा विभाग की आईडी aktuexamination@gmail.com पर ई-मेल भेजकर अनिवार्य रूप से यह बताएं कि उन्होंने अब तक डिग्री क्यों नहीं ली है।
डिग्री के लिए करना होता है 500 रुपये शुल्क जमा
सूची में शामिल संस्थान 15 फरवरी से 18 फरवरी के बीच सुबह 11 से शाम पांच बजे तक डिग्री विवि से ले सकते हैं। अंतिम तिथि तक डिग्री न लेने वालों पर प्रतिदिन 10 हजार रुपये की दर से अर्थदंड लगाया जाएगा।
असल में कॉलेज छात्र-छात्राओं से तो फीस के रूप में डिग्री का पैसा जमा करवा लेते हैं, लेकिन बात जब शुल्क जमा कर डिग्री लेने का समय आता है तो वे टाल-मटोल करने लगते हैं।स्कालरशिप
कॉलेजों के डिग्री न लेने की वजह से सत्र 2014-15 के बीटेक, बीफार्मा, बीआर्क, बीएचएमसीटी, बीएफएडी, एमबीए, एमसीए, एमटेक, एमफार्मा, एमआर्क कोर्स के हजारों छात्र-छात्राओं को उनकी डिग्री नहीं मिल पा रही है।
प्रत्येक डिग्री के लिए कॉलेज को 500 रुपये शुल्क जमा करना होता है। जब कोई छात्र डिग्री लेने कॉलेज पहुंचता है तो उसे कह दिया जाता है कि डिग्री अभी विवि से ही नहीं आई है।