फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब गांव से भर सकते हैं एआईपीएमटी का फॉर्म

Thu, 17 Dec 2015 01:05 PM IST
आफताब अजमत/ अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
ऑल इंडिया प्री मेडिकल प्री डेंटल टेस्ट (एआइपीएमटी) का फॉर्म भरना अब गांव के बच्चों के लिए भी आसान हो गया है।
विज्ञापन


केंद्र सरकार के कॉमन सर्विस सेंटर्स की मदद से सीबीएसई ने हर गांव तक फॉर्म भरवाने का विकल्प दे दिया है। दूर दराज के गांव के बच्चे को फॉर्म भरने के लिए शहर आने की जरूरत नहीं होगी। इतना ही नहीं, बोर्ड ने गांव के आवेदकों के लिए प्रक्रिया में आने वाला खर्च भी तय किया है। गांव से फॉर्म भरने पर आवेदक को शहर से कम खर्च आएगा।

सीबीएसई की ओर से जारी सूचना के मुताबिक एआईपीएमटी में इस बार देशभर के कॉमन सर्विस सेंटर्स को ही सुविधा केंद्र बना दिया गया है। गांव-गांव को इंटरनेट से कनेक्ट करने के लिए केंद्र सरकार ने यह पहल की है। उत्तराखंड में इस वक्त 283 ऐसे सेंटर हैं जो कि इंटरनेट से जुड़े हुए हैं।
विज्ञापन


यानी अब पौड़ी के दूर दराज के गांव का बच्चा भी अपने नजदीकी सीएससी से एआईपीएमटी का फॉर्म भर सकता है। बोर्ड ने इसके लिए कुछ शुल्क तय किया है। इसके तहत ईमेल बनाने, ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने और प्रिंटआउट निकालने का शुल्क 25 रुपये है। यही काम शहर से करवाने में करीब 100 रुपये खर्च होंगे।

इसी प्रकार ऑनलाइन शुल्क जमा करने पर 0.5 प्रतिशत का ट्रांजेक्शन शुल्क लगता है। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए 10 रुपये शुल्क देना होगा जबकि साइबर कैफे में यह शुल्क 50 रुपये तक होता है। आंसर की या रिस्पांस शीट के लिए क्लेम करने पर 25 रुपये शुल्क और प्रति पृष्ठ प्रिंटआउट निकालने पर पांच रुपये खर्च करना होगा। बोर्ड का मकसद कम खर्च पर सही तरीके से गांव के बच्चों का आवेदन पत्र भरवाना है।

कैसे पता लगाएं सीएससी का
अगर आप गांव में रहते हैं और इंटरनेट की सुविधा नहीं है तो अपने नजदीकी तहसील, जिला पंचायत, जिलाधिकारी कार्यालय से सीएससी का पता कर सकते हैं। हर जिले में कई जगहों पर यह केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा सीएससी की वेबसाइट पर भी सभी केंद्रों का पता लगाया जा सकता है।

सिलेबस विस्तार से जानें
बोर्ड की ओर से हर साल एआईपीएमटी के सिलेबस में केवल यूनिट का नाम जारी किया जाता था। पहली बार बोर्ड ने सिलेबस में हर यूनिट से हर टॉपिक को विस्तार से बताया है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी एआईपीएमटी के नोटिफिकेशन से पूरा सिलेबस देखकर परीक्षा की तैयारी कर सकते हैं।
विज्ञापन


एक मिनट में एक सवाल
अभ्यर्थी को एक ही पेपर दिया जाएगा। इसमें कुल 180 प्रश्न आएंगे, जिन्हें हल करने के लिए 180 मिनट का समय दिया जाएगा। फिजिक्स के 45, कैमिस्ट्री के 45 और बॉटनी व जूलॉजी के 90 सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा विशेषज्ञ मनु पंत के मुताबिक एआईपीएमटी में 11वीं और 12वीं दोनों के सिलेबस से सवाल पूछे जाएंगे। लिहाजा, छात्र को बोर्ड की तैयारी के साथ ही 11वीं के सिलेबस का रिविजन भी शुरू कर देना चाहिए।

यह है सीएससी की वेबसाइट : www.csc.gov.in
यह है एआईपीएमटी की वेबसाइट : www.aipmt.nic.in
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें