आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया अब 15 सितंबर तक पूरी की जा सकेगी। सीटें न भरने की स्थिति में डायरेक्टरेट जनरल इंप्लायमेंट एंड ट्रेनिंग (डीजीईटी) ने तारीख बढ़ा दी है। अभी तक यह तारीख 31 अगस्त थी।
आईटीआई के एडमिशन रेग्युलर करने के लिए डीजीईटी ने हर वर्ष दाखिला प्रक्रिया 31 जुलाई तय की है। इस वर्ष एडमिशन प्रोसेज में कुछ बदलाव के कारण दाखिले में देरी हुई।
ऐसे में डीजीईटी ने दाखिले के लिए अंतिम तिथि केवल इस वर्ष के लिए 31 अगस्त तय की थी। इस समयावधि में भी दाखिले पूरे नहीं हुए तो अब तारीख बढ़ाकर 15 सितंबर कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार डीजीईटी की ओर से नई आईटीआई को मान्यता देने के लिए आठ सितंबर को बैठक का आयोजन किया गया है। इसलिए भी दाखिला की तिथि बढ़ाई गई है।
व्यावसयायिक परीक्षा परिषद ने तीसरे चरण के दाखिले के लिए ऑनलाइन विकल्प देने के लिए लिंक जारी कर दिया है। अभ्यर्थियों को दो सितंबर तक ऑनलाइन विकल्प देना है।
आईटीआई दाखिले में दो चरण की काउंसलिंग के बाद 18 हजार सीटें रिक्त हैं।
इसलिए प्रवेश परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों से दोबारा विकल्प मांगे गए हैं। ऑनलाइन विकल्प के हिसाब से अभ्यर्थियों को सीट का आवंटन किया जाएगा।