कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पूरा होते ही विवि के दूरवर्ती शिक्षा एवं मुक्त अध्ययन केंद्र (इक्डोल) में जुलाई के पहले सप्ताह में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यूजी डिग्री में प्रवेश लेने वाले छात्रों को प्रोस्पेक्टस में बीते सत्र में पेश आई समस्याओं को देखते हुए विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
यूजी में रूसा के तहत सब्जेक्ट कांबिनेशन के साथ सेमेस्टर की परीक्षा के रेगुलर छात्रों से अलग किए गए सिस्टम और मूल्यांकन संबंधित पूरा ब्योरा चार्ट सहित उपलब्ध रहेगा। छात्रों को प्रोस्पेक्टस में ही हर सवाल का जवाब उपलब्ध करवाया जाएगा।
इक्डोल प्रबंधन प्रवेश के समय में ही सिलेबस उपलब्ध करवाएगा, जिससे छात्र अपने स्तर पर पढ़ाई कर सकें। नए सत्र में कुलपति की अनुमति से इक्डोल में शिक्षकों की कमी और कॉलेज शिक्षकों की ओर से पर्सनल कांटेक्ट प्रोग्राम में कक्षाएं लेने से इनकार करने के बाद पीसीपी की शर्त समाप्त कर दी गई है।
सेमेस्टर की सौ नंबर की परीक्षा कर इंटरनल असेसमेंट की शर्त भी हटा दी गई है। इससे इक्डोल प्रशासन को छात्रों की संख्या बढ़ने की पूरी उम्मीद है।
छात्रों को रोलनंबर के साथ स्टडी मैटेरियल और अन्य सुविधा घर भेजने की एवज में बढ़े पोस्ट और पार्सल के चार्जिस के चलते दो से तीन सौ रुपये अतिरिक्त फीस चुकानी पड़ेगी।
बेहतर सुविधा देने की कोशिश
इक्डोल के निदेशक प्रो. रमेश कौंडल ने कहा कि जुलाई में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। एचपीयू सहित धर्मशाला और नोएडा में भी प्रोस्पेक्टस और इससे संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है।
इंटरनेट पर भी इससे संबंधित सूचना दी जाएगी। उन्होंने माना कि डाक के पार्सल के बढ़े खर्च को देखते हुए इस बार पोस्ट चार्जिस में आंशिक रूप से बढ़ोतरी की जाएगी।