सेक्टर-10 स्थित डीएवी कालेज में इस साल से कम्यूनिटी कालेज शुरू करने को मंजूरी मिल गई है। वीरवार को कम्यूनिटी कालेज कोआर्डिनेटर डा.मंजू दीवान ने आगामी सत्र में शुरू होने वाले कोर्स की जानकारी दी।
डा. दीवान ने बताया कि कम्यूनिटी कालेज में दो वर्षीय एडवांस डिप्लोमा इन मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी शुरू किया जाएगा। कोर्स की फीस पीयू द्वारा बीएससी प्रथम वर्ष के लिए जारी फीस के बराबर रहेगी।
कोर्स में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को अटेडेंस पूरी करने पर प्रति माह 1000 रुपये स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। कोर्स की 50 सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। 12वीं पास स्टूडेंट 12 जुलाई तक कालेज में आवेदन कर सकते हैं।
दाखिले के लिए काउंसिलिंग 14 जुलाई को होगी। दाखिले के लिए 12वीं में प्राप्त अंकों पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। डा. मंजू ने बताया कि कोर्स में दाखिले के लिए प्रॉस्पेक्टस डीएवी कालेज के आईटी डिपार्टमेंट विभाग से मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि कोर्स के लिए यूजीसी से 92.30 लाख की ग्रांट मिली है। कोर्स संबंधी किसी तरह की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9646512128 पर संपर्क किया जा सकता है।