करीब एक महीने से नौनिहालों की पसंद के कान्वेंट स्कूल में दाखिले का इंतजार कर रहे ट्राइसिटी के सैकड़ों अभिभावकों का बुधवार दोपहर बाद इंतजार खत्म हो गया।
शहर के चार प्रतिष्ठित कान्वेंट स्कूल सेंट जोन सेक्टर-26, कार्मल कान्वेंट सेक्टर-9, सेक्रेड हार्ट सेक्टर-26 और सेंट ऐंस सेक्टर-32 में एंट्री लेवल पर दाखिले के लिए लकी ड्रा आयोजित किया गया।
इन स्कूलों में एलकेजी और यूकेजी की करीब 710 सीटों के लिए करीब 4150 अभिभावकों ने आवेदन किया था। आवेदन के मुकाबले सीटें कम होने के कारण कम अभिभावकों को खुशी मिली तो अधिकतर निराश होकर लौटे।
लकी ड्रा का क्रेज ऐसा था कि कान्वेंट स्कूलों के बाहर 3 बजे से घंटा पहले ही अभिभावकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
हर कोई लकी ड्रा में बच्चे के नाम को लेकर आंखें बंद कर कोई प्रार्थना तो कोई दुआ कर रहा था। स्कूलों में जैसे ही आखिरी सीट के लिए लकी ड्रा से नाम बोला गया। दाखिले से वंचित अधिकतर अभिभावक निराश होकर बाहर की तरफ चल पड़े।
बिना स्लिप नहीं मिली एंट्री
लकी ड्रा को लेकर कान्वेंट स्कूलों ने पूरी तरह से नियमों के तहत एंट्री दी। बिना एंट्री स्लिप के किसी भी कान्वेंट के गेट में एंट्री नहीं दी गई।
स्लिप भूलने वाले कई अभिभावक गेट के बाहर से ही दीवार के साथ लगकर लकी ड्रा का रिजल्ट सुनते रहे। अभिभावक के साथ बच्चों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई थी।
सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल प्रबंधन ने ओपन स्टेज पर अभिभावकों की मौजूदगी में लकी ड्रा निकाला। प्रिंसिपल सिस्टर स्वाति ने अभिभावकों के हाथों से ही स्टेज पर बुलाकर उनसे लकी ड्रा की पर्ची निकलवाई।