अनुमन्य सीटों पर दाखिले के मामले में नैनीताल हाईकोर्ट से पुनर्विचार याचिका खारिज होने के बाद सरकार हरकत में आ गई है।
शासन को पहुंचा दी कॉलेजों ने पूरी जानकारी
दाखिला संकट से निपटने के लिए राज्य सरकार ने गुरुवार को कॉलेजों को ईवनिंग क्लासेज संबंधी लेटर भेजकर सीटों का ब्योरा मांगा है। देर शाम तक कॉलेजों ने भी पूरी जानकारी शासन को पहुंचा दी है।
हाईकोर्ट में उम्मीद टूटने के बाद राज्य सरकार ने दाखिला संकट से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। डीएवी, डीबीएस समेत कई कॉलेजों को ईवनिंग क्लासेज संबंधी पत्र भेजा गया है।
कॉलेज देर शाम तक ईवनिंग कक्षाओं की सीटों और शिक्षकों का ब्योरा जुटाने में लगे थे। इसी आधार पर शासन क्लासेज के लिए तैयारी करेगा। कॉलेजों में ईवनिंग क्लासेज की एफिलिएशन श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि देगा।
विवि पदाधिकारियों ने सेलाकुई के पास विवि के लिए इमारत तलाश ली है। रायपुर के बझेत गांव स्थित रायपुर डिग्री कालेज भी शुरू होने को तैयार है। राज्य सरकार को उम्मीद है कि इससे काफी हद तक दाखिला संकट दूर होगा।
फिर भी आसान नहीं राह
दाखिलों के लिए राज्य सरकार ने भले ही तेजी दिखा दी है, लेकिन ईवनिंग क्लासेज के लिए भी सीटों की संख्या सोच समझकर रखनी होगी। कॉलेजों का तर्क है कि इस साल ज्यादा सीटें बताने पर तीन साल में छात्र तीन गुने हो जाएंगे।
ऐसे में कक्षाएं और परीक्षा मुश्किल हो सकती है। लिहाजा कॉलेज भी सीटें घटा रहे हैं। दूसरी समस्या शिक्षकों के चयन की है। इस पर सरकार का रुख साफ नहीं है।
शिक्षक कहां से आएंगे, चयन प्रक्रिया कब होगी, मानदेय कितना होगा। कुछ भी स्पष्ट नहीं है। अहम बात है गढ़वाल विवि का अकादमिक सत्र पांच अगस्त से शुरू हो चुका है।
मगर मॉर्निंग शिफ्ट की सीटों का दाखिला अब तक अटका है। इससे भी सत्र लटकने की आशंका बढ़ गई है।
श्रीदेव विवि ने सेलाकुई में तलाशा ठिकाना
नए सत्र में जल्द कैंपस शुरू करने के शासन के आदेश के बाद श्रीदेव सुमन विवि ने भवन खोज लिया है। विवि हाल ही में बंद हुए सेलाकुई इंस्टीट्यूट आफ हायर एजूकेशन की इमारत में परिसर चलाना चाहता है।
इसे किराए पर लेने के लिए विवि ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। श्रीदेव सुमन विवि कुलपति डॉ. यूएस रावत ने बताया कि सेलाकुई में काफी तलाश के बाद यह कॉलेज मिला है।
इसमें सभी सुविधाएं हैं। हालांकि इसके मालिक से बात नहीं हो पाई है। शासन स्तर पर ही इसका फैसला होना है। दूसरी ओर विवि ने सेरीकल्चर विभाग की सेलाकुई में करीब दस हेक्टेयर जमीन भी मांगी है। प्रस्ताव भेज दिया गया है।
संबद्धता की राह खुली
निजी कॉलेजों के लिए फिर संबद्धता की राह खुल गई है। शासन स्तर पर फैसला लिया गया है कि जो निजी कॉलेज पहले से प्रोफेशनल और दूसरे कोर्स चला रहे हैं।
वे बीए, बीएससी और बीकॉम की एफिलिएशन के लिए श्रीदेव सुमन विवि में अप्लाई कर सकते हैं। हालांकि पहले इसकी तिथि खत्म हो चुकी है, लेकिन विशेष हालातों को देखते हुए आवेदन की राह खोली गई है। शर्त यह होगी कि कॉलेजों को सरकार द्वारा तय शुल्क ही लेना होगा।
फीस हो सकती है रिवाइज
प्रदेश के महाविद्यालयों, प्रोफेशनल कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में जल्द फीस रिवाइज हो सकती है।
फीस तय करने के लिए उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है। जो 30 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट दे सकती है। इस आधार पर शासन सभी कॉलेजों के लिए फीस तय करेगा।