एचपी यूनिवसिटी में फीस बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर छात्र संगठन उग्र हो गए हैं। एबीवीपी की विवि इकाई ने मंगलवार को परिसर में अध्यक्ष प्रदीप शर्मा की अध्यक्षता में बैठक की।
इसमें फीस बढ़ोतरी के फैसले का विरोध किया गया। एबीवीपी ने दोटूक शब्दों में कह दिया है कि यदि विवि ने ऐसा कोई फैसला लिया तो, इसका प्रदेश स्तर पर विरोध किया जाएगा।
इकाई का कहना है कि एक ओर प्रशासन रिजल्ट समय पर निकालने में नाकाम साबित हो रहा है। वहीं, दूसरी ओर फीस बढ़ाकर छात्रों को परेशानियों में डालने जा रहा है।
इकाई अध्यक्ष प्रदीप और हितेंद्र, मूल सिंह ने कहा कि विवि पहले ही प्रोस्पेक्टस को ऑनलाइन उपलब्ध करवाने के नाम पर फीस बढ़ा चुका है। ऐसे में अब फीस नहीं बढ़ने दी जाएगी।
शोध छात्रों की छात्रवृत्ति में कटौती करने जैसे फैसले हो चुके हैं। साहिल, घनश्याम, प्रियंका, स्वाति, यशपाल, सूर्यांश, सचिन, गगन, गौतम, राहुल, चेतन, शम्मी राठौर, संजय विकास, सन्नी बन्याल इस दौरान मौजूद रहे।