राजकीय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज के छात्रावास की 45 से ज्यादा छात्राएं एक साथ बीमार पड़ गईं। इससे मंगलवार को हड़कंप मच गया।
वहीं, अधीक्षिका का दावा है कि विद्यालय परिसर में वायरल फीवर फैला हुआ है। यह छात्राएं भी सामान्य वायरल बुखार की चपेट में आ गई हैं।
मोहान रोड पर समाज कल्याण विभाग की ओर से राजकीय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज का संचालन किया जाता है। यहां करीब 345 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। ये बालिकाएं छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती हैं।
जानकारों की मानें तो बीते एक सप्ताह से विद्यालय छात्रावास में बालिकाएं बीमार चल रही थीं। मामला तूल न पकड़े, इस डर से विद्यालय परिसर में उपलब्ध दवाओं से ही काम चलाया जा रहा था।
हालांकि मंगलवार को स्थिति और ज्यादा खराब हो गई। बीमार छात्रा अलका के बेहोश होने के बाद विद्यालय प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए।
अभिभावकों से भिड़े कर्मचारी
आननफानन में उसके परिवारीजनों को फोन करके स्कूल बुलाया गया। इसके बाद छात्रावास पहुंचे अभिभावकों ने इतने लंबे समय बाद सूचित किए जाने पर नाराजगी भी जताई।
छात्रा मालती के अभिभावक मनोहर लाल विद्यालय के कर्मचारियों से भिड़ गए। इस दौरान छात्रा कंचन, कविता, रंजना, सुमन, आरती, शिखा, रिचा, प्रीति समेत कई अन्य के बीमार होने की भी सूचना मिली।
वक्त पर नहीं मिला इलाज
विद्यालय परिसर में एक सप्ताह से ज्यादा समय से छात्राएं बीमारी की चपेट में थीं। समय पर इलाज की व्यवस्था होती तो शायद ये बीमारी इतना न फैलती।
जानकारों की मानें तो समाज कल्याण विभाग की ओर से छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं के लिए इलाज की व्यवस्था की गई है, लेकिन ये सिर्फ कागजों तक ही सीमित है।
यहां पर्याप्त दवाओं तक की सुविधा नहीं है। विद्यालय में तैनात एक मात्र डॉक्टर ने इस सप्ताह बालिकाओं की जांच करने की जरूरत तक नहीं समझी।