एलयू में सोमवार को ग्रेजुएशन की तीसरी कटऑफ सूची भी जारी कर दी गई।
लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रो. एनके खरे ने बताया कि एक हजार सीटों के लिए यह तीसरी कटऑफ सूची जारी की गई है।
इस सूची में चयनित अभ्यर्थी एक अगस्त तक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में ऑनलाइन बैंक चालान के माध्यम से या फिर क्रेडिट व डेबिट कार्ड से फीस जमा कर सकेंगे।
इन अभ्यर्थियों के एलॉटमेंट लेटर एलयू की वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर तीन अगस्त को ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे। अभ्यर्थी अपनी संबंधित फैकल्टी के डीन ऑफिस में जाकर रिपोर्ट करेंगे और दाखिले की प्रक्रिया पूरी करेंगे।
प्रो. खरे ने बताया कि यह सूची नार्मलाइजेशन फॉर्मूला लगाकर तैयार की गई है। इसमें यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईएससी बोर्ड के छात्रों के अंक इस फॉर्मूले के बाद एक सामान हो गए हैं।
इस फॉर्मूले में अभ्यर्थी अपने इंटरमीडिएट बोर्ड के अंक प्रतिशत को सौ से गुणा कर दे और फिर उसे अपने बोर्ड के टॉपर के अंक प्रतिशत से भाग दे। इसके बाद जो अंक प्रतिशत आएगा, वही इस सूची में दर्शाया गया है।
तीसरी कटऑफ सूची में भी बीएससी मैथ ही टॉप पर है और इसमें जनरल कैटेगरी में 88.485 प्रतिशत तक अभ्यर्थी प्रवेश पाए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर एलएलबी ऑनर्स कोर्स है।
इसमें जनरल कैटेगरी में 87.112 प्रतिशत अंक पाने वाले अभ्यर्थी हैं। तीसरे नंबर पर बीकॉम ऑनर्स रहा है। इसमें जनरल कैटेगरी में 85.051 प्रतिशत तक अंक पाने वाले अभ्यर्थी को प्रवेश मिला है।
फिलहाल एलयू में ऑफ कैम्पस ऑन लाइन काउंसिलिंग में अभ्यर्थियों को अपग्रेडेशन का भी लाभ मिल रहा है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें पहली सूची व दूसरी सूची में दूसरा या तीसरा विकल्प मिला था।
उन्होंने अगर किसी कोर्स में प्रवेश नहीं लिया और इससे पहले की घोषित सूची में अभ्यर्थियों ने सीटें छोड़ीं तो इन स्टूडेण्ट को अपग्रेट करके इनका पहला विकल्प दे दिया गया है।
अब यह अभ्यर्थी अपने पहले विकल्प वाले कोर्स में प्रवेश पा गए हैं। ऑफ कैम्पस ऑन लाइन काउंसिलिंग में इन्हें मेरिट और विकल्प के आधार पर सीटें आवंटित की गई हैं।