संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने पॉलीटेक्निक में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग का परिणाम शनिवार को जारी कर दिया।
सचिव योगेंद्र सिंह यादव ने बताया कि इस चरण में कुल 47 हजार कैंडिडेट्स ने विकल्प भरे थे जिनमें से 17,857 को मनचाहा विकल्प मिला।
जिन्हें अपनी पसंद का विकल्प नहीं मिला उनमें ज्यादातर ऐसे थे जिन्होंने केवल राजकीय और अनुदानित संस्थानों में बची सीटें और एसएसी (सीट अंगेन्स्ट कैंसिलेशन) सीटों के लिए विकल्प भरा था।
तीसरे चरण के लिए बची हुई सीटें मूल रूप से क्षैतिज आरक्षण जैसे सैनिक आश्रित, विकलांग, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में अभ्यर्थियों को अपना विकल्प भरने से पहले पिछले वर्ष की कटऑफ मेरिट सूची और इस वर्ष की बची हुई सीटों का विवरण देखना चाहिए।
यह विवरण www.jeecup.nic.in पर उपलब्ध है। तीसरे चरण की काउंसलिंग में नए अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुका है। ई-चालान से 305 रुपये शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 30 जुलाई जबकि सहायता केंद्रों पर अभिलेख परीक्षण की अंतिम तारीख 31 जुलाई है।
कैंडिडेट एक से चार अगस्त तक संस्था और पाठ्यक्रम के विकल्प भर सकेंगे। आखिरी चरण का परिणाम पांच अगस्त को घोषित किया जाएगा। सभी चरणों के कैंडिडेट्स के लिए आवंटित संस्थाओं में प्रवेश की अंतिम तारीख 12 अगस्त है।