केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) ने 12वीं पास कर चुके आरक्षित वर्ग के होनहार छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्र बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस वर्ष अभिभावक की सालाना कमाई का दायरा 4.5 लाख से बढ़ाकर 6 लाख कर दिया गया है।
अभिभावक की सालाना कमाई 6 लाख से अधिक नहीं
सेंट्रल सेक्टर स्कीम ऑफ स्कॉलरशिप फॉर कालेज एंड यूनिवर्सिटी (सीएसएसएस-2013) के तहत यह सुविधा दी जाएगी। आवेदन करने वाले छात्र के पांच विषयों में साइंस स्ट्रीम में कुल 418 या कॉमर्स स्ट्रीम में कुल 401 या अन्य में 338 अंक 12वीं में होने अनिवार्य हैं। छात्र के अभिभावक की सालाना कमाई 6 लाख रुपये अधिक नहीं होनी चाहिए। पहले यह सीमा 4.5 लाख रुपये सालाना थी।
बोर्ड की ओर से ग्रेजुएशन करने वाले छात्र को तीन वर्ष तक एक हजार रुपये प्रति माह जबकि पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स करने वाले छात्र को दो हजार रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति दी जाएगी। छात्रवृत्ति सीधे छात्र के बैंक खाते में जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है।
यह प्रमाणपत्र भेजने होंगे
- वेबसाइट से पंजीकरण करने के बाद डाउनलोड और खुद का हस्ताक्षर किया हुआ आवेदन पत्र।
- जहां दाखिला लिया है, वहां की संस्थान के हेड द्वारा हस्ताक्षरित ज्वाइनिंग रिपोर्ट।
- 12वीं की मार्कशीट की फोटोकॉपी। ऑनलाइन पंजीकरण संख्या लिखी हो।
- जाति प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी। इस पर भी ऑनलाइन पंजीकरण संख्या लिखी हो।
- 10 रुपये के स्टांप पेपर पर सालाना कमाई का शपथ पत्र।
- आईटीआर या फॉर्म 16 की कॉपी।
- एक कैंसल चेक।
यहां करें क्लिक : www.cbse.nic.in