हिमाचल प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी हमीरपुर से इंजीनियरिंग और एमबीए कर रहे छात्रों को यूनिवर्सिटी के नोटिस का डर नहीं है। नकल करते पकड़े जाने पर नोटिस जारी किए थे लेकिन 81 में से 45 छात्रों ने यूनिवर्सिटी के विशेष कमेटी के समक्ष अपनी हाजिरी भरी, अन्य उपस्थित नहीं हो पाए।
यूनिवर्सिटी ने दिसंबर-जनवरी में वार्षिक परीक्षाएं करवाई हैं। टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने नकल करते हुए पकड़े गए छात्रों के यूएमसी केस बनाकर उन्हें नोटिस जारी किए। नकल करने वाले छात्रों को विवि ने विशेष कमेटी के समक्ष पेश होने के लिए 18, 19 तथा 20 जनवरी की तारीख निर्धारित की थी।
महज 45 छात्र ही कमेटी के समक्ष पेश हुए। अब टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने शेष बचे 36 छात्रों को कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखने के लिए 10 और 11 फरवरी की तारीख निर्धारित की है।
टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में छापेमारी कर छात्रों को नकल करते हुए पकड़ा। कुछ छात्रों के पास 40 से 50 पेज की भारी मात्रा में नकल सामग्री पकड़ी गई। बीटेक के 79 परीक्षार्थी, जबकि एमबीए के 2 छात्रों को नकल करते हुए पकड़ा गया।
इसमें बीटेक प्रथम सेमेस्टर के 35 छात्र, बीटेक तीसरे सेमेस्टर के 17, पांचवें सेमेस्टर के 11, सातवें सेमेस्टर के 10, जबकि एमबीए प्रथम सेमेस्टर के 2 छात्र शामिल हैं। विवि के फ्लाइंग स्कवायड ने छात्रों के यूएमसी केस बनाए थे।
टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में नकल करते हुए पकड़े गए 81 छात्रों को नोटिस जारी किए थे। 45 छात्र ही कमेटी के समक्ष पेश हुए, अन्य को 10 व 11 फरवरी को बुलाया गया है। -प्रो. वीपी पटियाल, परीक्षा नियंत्रक