केंद्रीय विद्यालयों (केवि) में कक्षा एक के दाखिले की पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही अभिभावकों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। पहले ही दिन दून के 11 केवि में 800 से ज्यादा फॉर्म बंट गए। केवि ओएनजीसी में सर्वाधिक 120 फॉर्म बंटे।
सुबह से लगी लाइन
केवि संगठन की अधिसूचना के तहत सोमवार सुबह से ही अभिभावकों की लाइन कई केवि में नजर आई। केवि ओएनजीसी में सुबह 10 बजे से 11:30 बजे के बीच डेढ़ घंटे में ही 120 फॉर्म बंट गए। सभी केवि में एक ही दिन में 800 से अधिक फॉर्म बंटे।
दून में 11 केवि में कक्षा एक की कुल 1120 सीटों पर दाखिले के लिए यह प्रक्रिया शुरू हुई है। 10 मार्च की शाम पांच बजे तक संबंधित केवि में फॉर्म जमा किया जा सकता है। इसके बाद लॉटरी प्रक्रिया से छात्रों की चयन सूची जारी की जाएगी।