दिल्ली विश्वविद्यालय की दसवीं और आखिरी कटऑफ लिस्ट में भी सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए दाखिले का मौका बरकरार है। विभिन्न कॉलेजों में कॉमर्स, अंग्रेजी, इतिहास और साइंस के इक्का-दुक्का कोर्स में अभी भी सीटें खाली हैं। रिजर्व कैटेगरी के लिए भी दाखिले के सीमित चांस हैं।
इस कटऑफ के आधार पर दाखिले 25 और 26 जुलाई को होंगे। सीटें खाली रहने पर आगे कटऑफ निकाली जाएंगी या नहीं, यह स्थिति दाखिले के अंतिम दिन आगामी शनिवार को ही स्पष्ट हो सकेगी।
पढ़ें:बीकॉम व बीएससी में बढ़ेगी दस फीसदी सीटें
दसवीं कटऑफ में सामान्य के लिए कुल पांच कॉलेजों में कॉमर्स के दाखिले खुले हुए हैं, जबकि अंग्रेजी में दो कॉलेजों में दाखिले का चांस है। वहीं इक्का-दुक्का कॉलेज में इतिहास, बीएससी फिजिकल साइंस, बीएससी गणित और बीएससी लाइफ साइंस में दाखिले के लिए एंट्री खुली हुई है।
कई कॉलेजों में इस कटऑफ में भी रिजर्व कैटेगरी के दाखिले के काफी विकल्प खुले हुए हैं। सामान्य वर्ग के लिए दाखिले की बात की जाए तो दौलतराम कॉलेज में अंग्रेजी में 89-95 फीसदी पर और हिंदू कॉलेज में 92.5-97 फीसदी पर दाखिला हो जाएगा। वहीं पीजीडीएवी कॉलेज में बीकॉम में 90 फीसदी और कमला नेहरू कॉलेज में 91-93 फीसदी तक में दाखिला होगा।
पढ़ें: डीयू में रैगिंग: सिर फोड़ा, कपड़े उतरवाने की कोशिश!
कालिंदी कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स में 92.5 पर दाखिले की गुंजाइश है। वहीं जानकी देवी कॉलेज में इसी कोर्स में 93.25 पर और बीकॉम में 89.25 पर दाखिला हो सकता है। इसी कॉलेज में राजनीति शास्त्र में 86-92 पर सीटें खाली हैं। दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कॉमर्स में बीकॉम व बीकॉम ऑनर्स में दाखिले खुले हुए हैं।
यहां बीकॉम में 92.55-94.25 और बीकॉम ऑनर्स में 95-97 फीसदी पर दाखिला हो जाएगा। दयाल सिंह कॉलेज में इतिहास में 79.75 फीसदी पर दाखिला लिया जा सकता है।
साइंस कोर्स में हिंदू कॉलेज में बीएससी गणित में 96.25 पर और किरोड़ीमल में बीएससी फिजिकल साइंस में 85.33-85.66 फीसदी पर दाखिला हो सकता है। वहीं अरविंदो कॉलेज में बीएससी लाइफ साइंस में 76.66 फीसदी पर दाखिले की गुंजाइश है। साइंस कोर्स में अशक्त वर्ग के लिए 23 कॉलेजों में दाखिले खुले हैं। दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) कॉलेज में इस कैटेगिरी का बीएससी गणित में दाखिला 40 फीसदी पर ही हो जाएगा।