मोबाइल हैंडसेट बनाने वाली चीन की कंपनी श्याओमी इस साल जून तक भारत में अपना डाटा सेंटर शुरू करेगी। इसके लिए कंपनी बड़ा निवेश करेगी। डेटा सेंटर शुरू करने का कदम अपने डेटा सिक्योरिटी के मसले को ध्यान में रखते हुए उठा रही है। हाल ही में भारतीय वायु सेना और सिक्योरिटी सॉल्यूशन प्रदाता कंपनी एफ-सिक्योर ने श्याओमी के फोन इस्तेमाल करने वाले उपभोक्तओं की डेटा सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे।
कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट ह्यूगो बारा ने कहा कि हमारी इन्फ्रास्ट्रक्चर टीम चीन से आ रही है और वह इस बारे में लोगों से बातचीत करेगी। जून तक देश में हमारा डेटा सेंटर स्थापित हो जाएगा। बारा ने डेटा सेंटर के लिए किए जाने वाले निवेश की जानकारी तो नहीं दी, पर उनका कहना था डेटा सेंटर के लिए कंपनी अच्छा खासा निवेश करेगी। गौरतलब है कि श्याओमी के चीन में स्थित डेटा सेंटर की सेवा लेने से डेटा सिक्योरिटी संबंधी आशंकाओं के चलते अमाजॉन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएस) चीन से बाहर के अपने अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों की सेवाओं को बीते अक्तूबर में चीन से हटा कर सिंगापुर और अमेरिका के डेटा सेंटरों को सौंप चुकी है।
माना जा रहा है कि ऐसी चिंताओं को देखते हुए ही श्याओमी भारत में डेटा सेंटर खोलने की ओर कदम बढ़ा रही है। इसके जरिए उसके लिए देश में डेटा सेवाओं से जुड़ी स्थानीय मांग को भी पूरा करना भी आसान हो जाएगा। डेटा सेंटर का आकार कंपनी द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले रैक स्पेस पर निर्भर करेगा। विश्लेषकों के मुताबिक कंपनी को इसके लिए बड़ा निवेश करना होगा।