केंद्रीय गृह मंत्रालय ने टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन पर गुप्त तरीके से उपभोक्ताओं के डाटा एक ब्रिटिश खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसी के साथ साझा करने का आरोप लगाया है। हालांकि, कंपनी ने मंत्रालय के इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
गृह मंत्रालय के आंतरिक सुरक्षा विभाग के दस्तावेजों के अनुसार वोडाफोन पर यह आरोप है कि उसने ब्रिटेन के सरकारी संचार मुख्यालय (जीसीएचक्यू) को समुद्र के भीतर अपने केबल्स के नेटवर्क का गुप्त तरीके से असीमित एक्सेस कराया है। इस नेटवर्क के जरिए दुनिया के अधिकांश फोन कॉल और इंटरनेट ट्रैफिक उपलब्ध कराए जाते हैं।
गृह मंत्रालय के दस्तावेजों का दावा है कि ब्रिटिश समुद्र तट के निकट ट्रांसअटलांटिक केबल्स में इंटरसेप्ट केबल जोड़कर बीते पांच सालों में जीसीएचक्यू ने बड़े पैमाने पर फोन टेपिंग को अंजाम दिया है। इस मामले पर वोडाफोन का कहना है कि भारत सरकार की ओर से इस तरह का कोई मामला उसके समक्ष नहीं उठाया गया है।