अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि माइकल फ्रोमैन ने भारत और अमेरिका के बीच विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) से जुड़े व्यापार सुविधा समझौते (टीएफए) को लेकर बनी सहमति को काफी महत्वपूर्ण बताया है।
भारत के दौरे पर आए फ्रोमैन ने व्यापार नीति फोरम की बैठक में कहा कि टीएफए का होना काफी बड़ी बात है और इससे विकसित देशों की व्यापार लागत में 10 फीसदी, तो विकासशील देशों की में 14 फीसदी तक की कमी आएगी। इससे विश्व की अर्थव्यवस्था को अरबों डॉलर का लाभ मिलेगा।
फ्रोमैन ने बताया कि भारत और अमेरिका जेनेवा में टीएफए को लेकर साथ-साथ काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि टीएफए के अमल में आने पर वैश्विक कारोबार में छोटे कारोबारियों को प्रवेश करने का मौका मिलेगा।
भारतीय निर्यात में 40 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाले छोटे कारोबार में इससे और अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा को लेकर अमेरिका के साथ समझौता इस बात का सूचक है कि अमेरिका यह समझता है कि भारत में खाद्य सुरक्षा बड़ी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका एक साथ मिलकर बाली समझौते को लेकर विश्व स्तर पर सहमति बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।