अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए सरकार जल्द ही 92,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के नौ इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को मंजूरी दे सकती है।
अगर ये सभी प्रोजेक्ट पास हो जाते हैं, तो मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, अहमदाबाद में लाखों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक सरकार आर्थिक सुस्ती को दूर करने के लिए 30 सितंबर तक निजी क्षेत्र के नौ महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को मंजूरी दे सकती है।
सोमवार को निवेश पर बनी मंत्रिमंडलीय समिति इस बारे में महत्वपूर्ण फैसला कर सकती है।
इन प्रोजेक्ट में एलएंडटी का हैदराबाद का मेट्रो रेल प्रोजेक्ट शामिल है, जिसकी लागत 16,375 करोड़ रुपए है। वहीं सासन पावर लिमिटेड का मध्य प्रदेश में 20,852 करोड़ रुपए का पावर प्रोजेक्ट है।
जीएमआर का किशनगढ़-उदयपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस शामिल है, जिसकी लागत 7,700 करोड़ रुपए है। इसके अलावा अन्य कंपनियों के प्रोजेक्ट भी हैं।
नौ प्रोजेक्ट शुरू न होने की मुख्य वजह पर्यावरण संबंधी मंजूरियां भी हैं। इनमें से कई प्रोजेक्ट के मामले में जिस जमीन का अधिग्रहण किया जाना है, वह जंगल में है।