बाइक बाजार के 150 सीसी सेगमेंट में खास पहचान रखनेे वाली बजाज ऑटो ने डिस्कवर को नए अंदाज में पेश किया है। बजाज ने डिस्कवर को 150 एस और 150 एफ वेरिएंट में पेश किया है। नई डिस्कवर अपने सेगमेंट में किस तरह से ग्राहकों को लुभाएगी, उसके क्या खास फीचर्स हैं, इसकी पड़ताल अमर उजाला के संवाददाता प्रशांत श्रीवास्तव ने की। आइए जानते हैं क्या खास है बजाज की नई बाइक डिस्कवर 150 एफ में -
एयरोडायनेमिक शेप के साथ स्टाइलिश लुक
डिस्कवर 150 एफ लुक के लिहाज से आपको स्टाइलिश और मजबूती का अहसास दिलाती है। हेड लैंप और खास हैंडल इसके लुक को स्टाइलिश बनाते हैं। बजाज ने सीट को शेप देने में खासी मेहनत की है, जो कि लुक के साथ-साथ चलाने में भी नया अहसास देती है। डिस्कवर आगे, साइड और पीछे सभी तरफ से एक खास लुक देती है, जो 150 सीसी सेगमेंट को अलग पहचान दे सकती है।
चलाने में आरामदेह
इसकी आरामदेह सीट लंबी ड्राइव के दौरान बेहतर अहसास देगी। पीछे बैठने वाले के लिए भी सीट आरामदायक है। खास बात यह है कि महिलाओं के लिए भी जो दोनों तरफ पैर करके नहीं बैठती हैं, उन्हें भी सीट कम्फर्टेबल फील देगी। हैंडल का शेप भी सामान्य बाइक से हटकर है, जो ड्राइव को आसान बनाती है। चौड़े टायर संतुलन बनाने में काफी मददगार हैं।
पावर और माइलेज
डिस्कवर में 4 वॉल्व डीटीएस-आई इंजन लगा हुआ है। जिसकी क्षमता 144.89 सीसी है। इसके साथ डिस्कवर में 5 गियर दिए गए हैं। पावरफुल इंजन होने की वजह से जहां डिस्कवर का पिकअप अच्छा है, वहीं आपके लिए स्पीड बढ़ाना भी आसान है। 70-80 किलोमीटर की रफ्तार आसानी से 8-10 सेकेंड में पकड़ी जा सकती है। कंपनी ने एआरआई के मानकों के आधार पर 72 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज का दावा किया है। हालांकि, सामान्य ड्राइविंग पर 60-65 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
डीसी लाइटिंग और मीटर
डिस्कवर में डीसी लाइटिंग का इस्तेमाल किया गया है। जिसकी वजह से कम स्पीड में भी अच्छी रोशनी मिलती है। डिस्कवर में जहां स्पीडोमीटर में इलेक्ट्रॉनिक मीटर का इस्तेमाल किया है, वहीं फ्यूल इंडीकेटर आदि को डिजिटल मीटर के रूप में पेश किया है। ऐसे में स्टाइल पसंद करने वाले युवाओं को खास तौर से स्पीडोमीटर का डिजिटल न होना थोड़ा निराश कर सकता है।
कीमत
बजाज ने नई डिस्कवर को दो वेरिएंट में पेश किया है। डिस्कवर 150 एस की कीमत दिल्ली में एक्स शोरूम के आधार पर 55,030 रुपये है, वहीं 150 एफ की कीमत 59,034 रुपये रखी गई है।