वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स 2018-19 तक अपने वाणिज्यिक वाहनों का निर्यात तीन गुना करने के लिए रूस और आसियान क्षेत्र सहित विभिन्न बाजारों में अपनी उपस्थिति मजबूत करने पर काम कर रही है।
टाटा मोटर्स के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, कॉमर्शियल व्हीकल, रवि पीसारोदी ने बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष में हम लगभग 50,000 वाहन निर्यात करने जा रहे हैं। आगे चल कर हमने अगले 3-4 वर्षों में निर्यात तीन गुना 1.5 लाख वाहन करने का लक्ष्य तय किया है।
पीसारोदी ने कहा कि ट्रकों की प्राइमा रेंज के साथ अब हमारे पास उत्पाद हैं और अब निर्यात को बड़े पैमाने पर बढ़ाने के लिए तैयार हैं। अब हम पड़ोसी देशों के अलावा विकसित बाजारों में मौजूद कारोबारी संभावनाओं का भी दोहन करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा विनिमय दरों में स्थिरता आने से भी निर्यात के लिए बेहतर संभावनाएं बनी हैं।
पीसारोदी ने कहा कि कंपनी ने विभिन्न क्षेत्रों जैसे पूर्वी यूरोप, रूस और आसियान की पहचान अधिक संभावनाओं वाले बाजार के रूप में की है। इसके अलावा कंपनी अफ्रीका के लिए अपने उत्पाद पोर्टफोलियो को भी मजबूत कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमने पिछले वर्ष इंडोनेशिया में और हाल में फिलीपींस में प्राइमा ट्रक लांच किया है। अब हम इस ट्रक को मलेशिया और वियतनाम में चौथी तिमाही में लांच करने जा रहे हैं। हम दक्षिण अफ्रीका में अपने असेंबली प्लांट में उत्पादों की पाइपलाइन को भी बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।