वाणिज्यिक वाहन श्रेणी में अपनी स्थिति को सशक्त करने के मद्देनजर टाटा मोटर्स ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (एएमटी) सहित कई अन्य नई तकनीक वाणिज्यिक वाहनों में लाने की तैयारी कर रही है।
टाटा मोटर्स की घरेलू वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र में हिस्सेदारी 60 फीसदी से अधिक है। कंपनी फिलहाल अपनी एएमटी तकनीक विकसित कर रही है। हाल ही में एएमटी तकनीक सिडान जेस्ट और मारुति सुजुकी की स्मॉल कार सेलेरियो और अल्टो के 10 सहित कई अन्य यात्री कारों में पेश की गई है।
टाटा मोटर्स के निदेशक (वाणिज्यिक वाहन) रवि पिशरोदय ने बताया कि हम प्राइमा ट्रक, जेनान एक्सटी पिकअप ट्रक और हल्के वाणिज्यिक वाहन अल्ट्रा जैसे वाहनों में एएमटी तकनीक उपलब्ध कराने की तैयारी में है। अगले वित्त वर्ष में एएमटी तकनीक के साथ इन वाहनों के बाजार में आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि लागत कम रखने के लिए कंपनी स्वदेशी तकनीक विकसित करने पर काम कर रही है।
टाटा मोटर्स के प्रमुख (इंजीनियरिंग वाणिज्यिक वाहन) एके जिंदल का कहना है कि हम आयात के जरिए इस जरूरत को पूरा कर सकते थे लेकिन इस तकनीक को किफायती मूल्य पर उपलब्ध कराने के लिए हम अपने आपूर्तिकर्ताओं के साथ यह तकनीक विकसित कर रहे हैं।