उत्पाद शुल्क में कटौती जारी रहने और कंपनियों द्वारा नए मॉडल उतारने से इस वर्ष जुलाई में कारों की घरेलू बिक्री में तेजी आई। मारुति सुजुकी इंडिया, ह्यूंदे, होंडा और टोयोटा की घरेलू बिक्री में लंबी सुस्ती के बाद तेजी लौटी।
मारुति सुजुकी इंडिया की जुलाई में घरेलू बिक्री 19.9 फीसदी बढ़कर 90,093 हो गई, जो पिछले साल इसी महीने 75,145 थी। मारुति की कॉम्पैक्ट सेगमेंट की कारों स्विफ्ट, एस्टालिओ, रिट्ज की बिक्री 81.2 फीसदी बढ़कर 25,156 हो गई। मारुति की जुलाई में कुल बिक्री 21.7 फीसदी उछलकर 1,01,380 पर पहुंच गई। जुलाई 2013 में कंपनी ने 83,299 कारें बेची थीं।
ह्यूंदे मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) की बीते माह घरेलू बिक्री 12.69 फीसदी उछलकर 29,260 पर पहुंच गई, जबकि पिछले साल जुलाई में ह्यूंदे ने 25,965 कारें बेची थी। एचएमआईएल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स एंड मार्केटिंग) राकेश श्रीवास्तव का कहना है कि अर्थव्यवस्था में स्थिरता लौटने के साथ ही बिक्री में तेजी दिखाई देनी शुरू हो गई है। नए मॉडलों की लांचिंग से भी बिक्री को प्रोत्साहन मिला है।
होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (एचसीआईएल) की जुलाई 2014 में घरेलू बिक्री 39.97 फीसदी उछलकर 15,709 हो गई, जो पिछले साल जुलाई में 11,223 थी। एचसीआईएल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (मार्केटिंग एंड सेल्स) जनेश्वर सेन का कहना है कि कंपनी की नई होंडा मोबिलियो को बाजार में बेहतर रिस्पांस मिला है। इसी लांचिंग के बाद से अब तक 10,000 से अधिक बुकिंग हो गई है। वहीं, टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की बिक्री भी गत माह 3.52 फीसदी बढ़कर 11,921 हो गई, जो पिछले साल जुलाई में 11,515 थी।
देश की कार बिक्री में बीते लगातार दो वित्त वर्ष में गिरावट रही थी। ऑटो सेक्टर को रफ्तार देने के लिए पिछली सरकार ने फरवरी में अंतरिम बजट में उत्पाद शुल्क में कटौती की थी। नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली नई सरकार ने भी दिसंबर तक ऑटो सेक्टर के लिए यह छूट बरकरार रखी है। इंडस्ट्री के दिग्गजों के मुताबिक नई सरकार के आने के बाद उपभोक्ताओं का सेंटीमेंट बेहतर हुआ है।
दूसरी ओर, फोर्ड इंडिया की इस साल जुलाई में घरेलू बिक्री 3.49 फीसदी घटकर 7,592 रह गई, जो जुलाई 2013 में 7,867 थी। जनरल मोटर्स इंडिया की भी जुलाई में बिक्री 27.32 फीसदी घटकर 4,726 रह गई, जो पिछले साल इसी महीने 6,503 थी। महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू बिक्री में भी 4.18 फीसदी की गिरावट आई। बीते माह कंपनी ने 33,047 यूनिट बेची। जबकि जुलाई 2013 में यह आंकड़ा 34,490 था।